नियमित अभ्यास क्विज़ (Daily Pre Quiz) - 176

Posted on July 4th, 2019 | Create PDF File

hlhiuj

प्रश्न-1 : निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये -

  1. हाइड्रोफ्लोरोकार्बन (HFC) में ओज़ोन को क्षति पहुँचाने की संभावना शून्य होती है लेकिन ये शक्तिशाली ग्रीनहाउस गैसें होती हैं।
  2. सल्फर हेक्साफ्लोराइड (SF6) गैस ओज़ोन परत को क्षति पहुँचाती है, यह एक ग्रीनहाउस गैस नहीं है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं ?   

(a) केवल I

(b) केवल II

(c) I और II दोनों

(d) इनमें से कोई नहीं

 

उत्तर - ()

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रश्न-2 : ब्लू कार्बन के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये -

  1. यह तटीय पारिस्थितिक तंत्रों में मैंग्रोव, ज्वारीय दलदल और समुद्री घास पर केंद्रित है।  
  2. ये सम-शीतोष्ण और उष्णकटिबंधीय वनों की तुलना में भारी मात्रा में कार्बन का भंडारण करते हैं।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं ?   

(a) केवल I

(b) केवल II

(c) I और II दोनों

(d) इनमें से कोई नहीं

 

उत्तर - ()

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रश्न-3 : कार्बन क्रेडिट के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये -

  • यह एक टन कार्बन या कार्बन डाइऑक्साइड के बराबर उत्सर्जन के अधिकार को दर्शाता है।  
  • निजी स्तर पर विक्रय के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में भी इसका कारोबार किया जा सकता है।
  • कार्बन क्रेडिट के सबसे बड़े खरीदार के रूप में विकासशील देशों के उभरने की संभावना है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं ?   

(a) केवल I

(b) केवल I और II

(c) केवल II और III

(d) I, II और III

 

उत्तर - ()

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रश्न-4 : कार्बन टैक्स के संबंध में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये -

  1. यह कम उत्सर्जन के लिये एक बाज़ार आधारित विकल्प है। 
  2. यह ऊर्जा के नवीकरणीय स्रोत के उपयोग को प्रोत्साहित करता है।
  3. इसे अभी तक भारत में पेश नहीं किया गया है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-से सही हैं ? 

(a) केवल I

(b) केवल I और II

(c) केवल II और III  

(d) I, II और III   

 

उत्तर - ()

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रश्न-5 : कार्बन सिंक पद संबंधित है -

 

(a) एक प्राकृतिक जलाशय जो निश्चित अवधि के लिये कार्बन को संग्रहीत करता है।

(b) एक प्राकृतिक या कृत्रिम जलाशय जो अनिश्चित अवधि के लिये कार्बन और उसके यौगिकों को संचित एवं संग्रहीत करता है।

(c) एक कृत्रिम जलाशय जो अनिश्चित अवधि के लिये कार्बन डाइऑक्साइड को संग्रहीत करता है।

(d) इनमें से कोई नहीं।

         

उत्तर - ()

 

 

 

 

उत्तरमाला

 

 

 

 

 

उत्तर-1 : (a)         

 

व्याख्या : 

  • हाइड्रोफ्लोरोकार्बन (HFC) का उपयोग रेफ्रिजरेंट, एरोसोल प्रोपेलेंट, सॉल्वैंट्स, और अग्निरोधी के रूप में किया जाता है। इन रसायनों को क्लोरोफ्लोरोकार्बन (CFCs) और हाइड्रोक्लोरोफ्लोरोकार्बन (HCFC) के प्रतिस्थापन के रूप में विकसित किया गया था।
  • हाइड्रोफ्लोरोकार्बन (HFC) में किसी प्रकार का कोई क्लोरीन नहीं होता है, अतः इसमें ओज़ोन को क्षति पहुँचाने की संभावना शून्य होती है। हालाँकि, HFCs शक्तिशाली ग्रीनहाउस गैसें होती है। अतः कथन 1 सही है।
  • सल्फर हेक्साफ्लोराइड (SF6) गैस ओज़ोन परत को क्षति नहीं पहुँचाती है है, बल्कि यह एक ग्रीनहाउस गैस है। सल्फर हेक्साफ्लोराइड (SF6)  का वायुमंडलीय जीवनकाल 1000 वर्षों से अधिक का होता है। अतः कथन 2 सही नहीं है।

 

 

 

 

 

 

 

उत्तर-2 : (c)

 

व्याख्या : 

  • ब्लू कार्बन तटीय और समुद्री पारिस्थितिक तंत्रों- मैंग्रोव, ज्वारीय दलदल, समुद्री घास, आदि में संग्रहित कार्बन है। ये पारिस्थितिक तंत्र अनुक्रमक होते हैं और पौधों एवं उनकी तलछट में बड़ी मात्रा में ब्लू कार्बन का भंडारण करते हैं। अतः कथन 1 सही है।
  • ये तटीय पारिस्थितिक तंत्र कार्बन के पृथक्करण और भंडारण में बहुत दक्ष होते हैं - इन प्रणालियों का प्रत्येक वर्ग मील वायुमंडल और महासागरों से कार्बन को पृथक कर सकता है, यह पूरी तरह से तैयार उष्णकटिबंधीय वनों के प्रत्येक वर्ग मील की अपेक्षा अधिक ऊँची दर से कार्बन का पृथक्करण कर सकता है।
  • ये जैविक-समृद्ध तलछट में भारी मात्रा में (समशीतोष्ण और उष्णकटिबंधीय वनों की तुलना में 5 गुना अधिक)कार्बन को संग्रहीत कर सकते हैं।
  • वैश्विक कार्बन चक्र का 83% महासागरों के माध्यम से संचारित होता है। तटीय आवास कुल महासागरीय क्षेत्र के 2% से कम भाग को कवर करते हैं, लेकिन ये महासागरीय तलछटों के कुल कार्बन अनुक्रम का लगभग आधा हिस्सा होते हैं। अतः कथन 2 सही है।

 

 

 

 

 

 

 

उत्तर-3 : (b)

 

व्याख्या : 

  • कार्बन क्रेडिट एक अनुज्ञा पत्र/परमिट या पारंपरिक प्रमाण-पत्र है जो धारक को एक टन कार्बन या कार्बन डाइऑक्साइड समकक्ष (tCO2e) का उत्सर्जन करने की अनुमति देता है। अतः कथन 1 सही है।
  • एक संगठन जो अपनी प्रक्रियाओं या गतिविधियों के लिये अनुमत कार्बन उत्सर्जन के मानक स्तर की तुलना में एक टन कम कार्बन या कार्बन डाइऑक्साइड समकक्ष का उत्सर्जन करता है, एक कार्बन क्रेडिट अर्जित करता है।
  • यदि कोई प्रतिभागी पूर्वानुमान की तुलना में कम कार्बन का उत्सर्जन करता है तो वह दूसरे प्रतिभागियों, जिनका कार्बन उत्सर्जन अपने निर्धारित लक्ष्य से अधिक हो गया है, को अपने शेष क्रेडिट की बिक्री के लिये पेशकश कर सकता है। इस प्रकार कार्बन क्रेडिट के लिये एक बाज़ार का निर्माण होता है।
  • कार्बन क्रेडिट को निजी तौर पर या अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में भी बेचा जा सकता है। इन क्रेडिटों का व्यापार और निपटान अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर किया जा सकता है और इस प्रकार भत्ते को देशों के बीच हस्तांतरित करने की अनुमति प्राप्त होती है। अतः कथन 2 सही है।
  • विकसित देशों की कंपनियाँ विकासशील देशों के साथ संपर्क कर उन्हें अधिक कुशल और पर्यावरण के अनुकूल प्रौद्योगिकी स्थापित करने में मदद कर सकती हैं, इस प्रकार कंपनियाँ क्रेडिट अर्जित कर सकती हैं। यह क्रेडिट कंपनी के लिये अपने ही देश में ग्रीन हाउस गैसों/GHGs के उत्सर्जन का परमिट/अनुज्ञा पत्र बन जाता है।
  • भारत और चीन जैसे विकासशील देशों के कार्बन क्रेडिट के सबसे बड़े विक्रेता के रूप में उभरने की संभावना है क्योंकि विकासशील देशों में पर्यावरण के अनुकूल प्रौद्योगिकी आधारित परियोजनाओं की संख्या में वृद्धि हुई है। वर्तमान में चीन कार्बन परियोजनाओं का सबसे बड़ा विक्रेता है, जो बाज़ार में कुल हिस्सेदारी के लगभग 70% भाग को नियंत्रित करता है। अतः कथन 3 सही नहीं है।
  • इसी तरह, यूरोप और अमेरिका के कार्बन क्रेडिट के सबसे बड़े खरीदार बनने की संभावना है।

 

 

 

 

 

 

 

उत्तर-4 : (b)

 

व्याख्या : 

  • कार्बन टैक्स एक शुल्क (बाज़ार-आधारित) है जो कार्बन-आधारित ईंधन (कोयला, तेल, गैस) आदि के जलाने पर लगाया जाता है। यह उत्सर्जन को कम करने के लिये बाज़ार-आधारित प्रमुख विकल्पों में से एक है।
  • यह जीवाश्म ईंधन के उपयोग को कम करने और अंततः खत्म करने के लिये एक प्रमुख नीति है, जिससे उत्सर्जन को कम किया जा सकता है। अतः कथन 1 सही है।
  • कार्बन टैक्स, कार्बन ईंधन के उपयोगकर्त्ताओं को वायुमंडल में कार्बन डाइऑक्साइड मुक्त करने के कारण होने वाली जलवायु क्षति के लिये भुगतान करने का एक तरीका है। यदि इसकी दर को बहुत अधिक बढ़ा दिया जाता है, तो मौद्रिक रूप से यह हतोत्साहन का कारण बनता है जो अर्थव्यवस्था में स्वच्छ ऊर्जा (या नवीकरणीय ऊर्जा) को अपनाने के लिये प्रेरित करता है। अतः कथन 2 सही है।
  • भारत में भी कार्बन टैक्स चलन में है। वर्ष 2010 में भारत ने स्वच्छ ऊर्जा पहल के लिये वित्तीय सहायता प्रदान करने हेतु कोयले पर उपकर (वर्तमान में 400 रुपए प्रति टन) पर एक राष्ट्रव्यापी राष्ट्रीय स्वच्छ ऊर्जा कोष (NCEF) की शुरुआत की थी। कथन 3 सही नहीं है।
  • एन.सी.ई.एफ. के तहत वित्त के लिये पात्र परियोजनाओं/योजनाओं को मंज़ूरी देने हेतु वित्त सचिव की अध्यक्षता में एक अंतर-मंत्रालयी समूह का गठन किया गया था।

मूल्यवर्द्धन: वर्ष 2010-11 से 2017-18 तक एकत्रित कोयला उपकर 86,440.21 करोड़ रुपए था, जिसमें से केवल 29,645.29 करोड़ रुपए एन.सी.ई.एफ. को हस्तांतरित किये गए थे। हाल ही में, तनावग्रस्त गैस-आधारित विद्युत् संयंत्रों पर संसद को प्रस्तुत अपनी रिपोर्ट में 42वीं ऊर्जा स्थायी समिति ने जी.एस.टी. लागू होने के बाद राज्यों को हुई राजस्व हानि की क्षतिपूर्ति के लिये कोयला उपकर के इस्तेमाल के संबंध में सरकार की खिंचाई की और तनावग्रस्त गैस-आधारित विद्युत परियोजनाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करने की सिफारिश भी की है।

 

 

 

 

 

 

 

उत्तर-5 : (b)

 

व्याख्या : 

कार्बन सिंक, एक प्राकृतिक या कृत्रिम जलाशय है जो अनिश्चित अवधि के लिये कुछ कार्बन युक्त रासायनिक यौगिकों को संचित और संग्रहीत करता है। वह प्रक्रिया जिसके द्वारा कार्बन सिंक वायुमंडल से कार्बन डाईऑक्साइड (CO2) को पृथक करता है, तो कार्बन पृथक्करण के रूप से जाना जाता है। अतः विकल्प (b) सही है।