नियमित अभ्यास क्विज़ (Daily Pre Quiz) - 155

Posted on May 29th, 2019 | Create PDF File

hlhiuj

प्रश्न-1 : लू रिव्यु कैंपेन (शौचालय समीक्षा अभियान) के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये -

  1. इसे नीति आयोग द्वारा शुरू किया गया है। 
  2. यह सभी नागरिकों को अपने शहरों के सार्वजनिक शौचालयों को दर्शाने की अनुमति प्रदान करता है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?  

(a) केवल I

(b) केवल II

(c) I और II दोनों 

(d) उपर्युक्त में से कोई नहीं

 

उत्तर - ()

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रश्न-2 : भारत पोस्ट पेमेंट बैंक (IPPB) के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं ?

  1. केंद्र सरकार IPPB में 100% शेयर की मालिक है। 
  2. इसका बचत खाता अधिकतम 1 लाख रुपए की शेष राशि की अनुमति देता है।
  3. इसका मुख्य लक्ष्य ऐसे उधारकर्त्ता, जिनको आमतौर पर संपार्श्विक, स्थिर रोज़गार या सत्यापन योग्य क्रेडिट इतिहास की कमी हो, को सूक्ष्म ऋण प्रदान करना है।

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये :  

(a) केवल II

(b) केवल I और II

(c) केवल II और III 

(d) I, II और III

 

उत्तर - ()

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रश्न-3 : तेलंगाना में सदरमट्ट बाँध (एनीकट) और पेडन्न चेरुवु को विश्व धरोहर सिंचाई संरचनाओं के रूप में मान्यता दी गई है -

(a) संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (UNESCO) द्वारा

(b) अंतर्राष्ट्रीय सिंचाई और जल-निकासी आयोग (ICID) द्वारा

(c) अंतर्राष्ट्रीय स्मारक एवं स्थल परिषद (ICOMOS) द्वारा 

(d) ग्लोबल हेरिटेज फंड (GHF) द्वारा

 

उत्तर - ()

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रश्न-4 : हाल ही में वित्तीय वर्ष 2018-19 में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपए के मूल्य में गिरावट के निम्नलिखित में से कौन-से कारण हो सकते हैं ?

  1. भारत के व्यापार घाटे में वृद्धि 
  2. तुर्की का लीरा संकट
  3. वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंका

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये :  

(a) केवल I और II

(b) केवल II और III

(c) केवल I और III 

(d) I, II और III     

 

उत्तर - ()

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रश्न-5 : दक्षिण एशियाई महिला विकास फोरम (SAWDF) के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों पर विचार कीजिये -

  1. यह सार्क द्वारा मान्यता प्राप्त एक स्वायत्त, गैर-लाभकारी संगठन है।
  2. इसने ‘समानता आर्थिक सशक्तीकरण से शुरू होती है’ विषय पर आधारित अंतर्राष्ट्रीय महिला उद्यमी शिखर सम्मेलन-2018 का आयोजन किया है।

उपर्युक्त कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं?  

(a) केवल I

(b) केवल II

(c) I और II दोनों 

(d) उपर्युक्त में से कोई नहीं

          

उत्तर - ()

 

 

 

 

उत्तरमाला

 

 

 

 

 

उत्तर-1 : (b)         

 

व्याख्या : भारत में सभी स्थानीय गाइड को प्रोत्साहित करने के लिये, आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय ने स्वच्छ भारत मिशन-शहरी (SBM-u U) के तहत गूगल मैप पर सार्वजनिक शौचालयों का मूल्यांकन और समीक्षा करने हेतु ‘शौचालय समीक्षा अभियान’ शुरू करने के लिये गूगल के साथ साझेदारी की है। अत: कथन 1 सही नहीं है।

यह अभियान सभी नागरिकों को अपने-अपने शहरों में गूगल मैप्स, सर्च और द असिस्टेंट पर सार्वजनिक शौचालयों का पता लगाने के लिये दी जाने वाली सुविधा का एक हिस्सा है। इन पर लोग अपना फीडबैक भी दे सकते हैं। भारत में 500 से अधिक शहरों में गूगल मैप्स पर ‘‘एसबीएम टॉयलेट’’ नाम से 30,000 से अधिक शौचालय देखे जा रहे हैं। अत: कथन 2 सही है।

 

 

 

 

 

 

उत्तर-2 : (b)

 

व्याख्या : दूरदराज़ के इलाकों में देश की बैंकिंग सेवाओं का विस्तार करने के उद्देश्य से सरकार ने इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक (IPPB) लॉन्च किया है।

IPPB एक वित्तीय सेवा प्रदाता है जो जनता के बीच वित्तीय समावेश की पहुँच बढ़ाने में देश के डाक विभाग की ताकत है।

 

प्रमुख विशेषताएँ:

 

  • यह डाक विभाग के अंतर्गत संचालित होगा। IPPB में केंद्र सरकार का 100% हिस्सा है। अत: कथन 1 सही है।
  • स्मार्टफोन और बॉयोमीट्रिक उपकरणों से सशस्त्र, लगभग 3 लाख पोस्टमैन उन स्थानों के ग्राहकों को सेवाएँ प्रदान करेंगे जहाँ बैंकिंग सुविधाएँ उपलब्ध नहीं हैं।
  • बैंक का स्लोगन है ‘आपका बैंक, आपके द्वार’।
  • यह बचत तथा चालू खातों, प्रेषण एवं धन हस्तांतरण, बिल एवं उपयोगिता भुगतान, और उद्यम तथा व्यापारी भुगतान जैसे उत्पादों की एक शृंखला पेश करेगा। भुगतान बैंक को किसी भी प्रकार का ऋण देने या क्रेडिट कार्ड जारी करने की अनुमति नहीं दी गई है। इस प्रकार के बैंक सावधि जमा या आवर्ती जमा स्वीकार नहीं कर सकते हैं। अत: कथन 3 सही नहीं है।
  • भुगतान बैंकों के बचत खातों में अधिकतम 1 लाख रुपए जमा राशि की सीमा निर्धारित है। अत: कथन 2 सही है।

 

 

 

 

 

 

उत्तर-3 : (b)

 

व्याख्या : हाल ही में, अंतर्राष्ट्रीय सिंचाई और जल-निकासी आयोग (ICID) ने रिटेज सिंचाई संरचनाओं के ICID रजिस्टर में निर्मल ज़िले में गोदावरी नदी के समीप सदरमत्त आनिकट और कामारेड्डी ज़िले के पेड्डा चेरुवु को तेलंगाना सरकार द्वारा किये गए नामांकन को स्वीकार कर लिया है। अत: विकल्प (b) सही है।

वर्ष 1950 में स्थापित ICID एक अग्रणी वैज्ञानिक, तकनीकी, अंतर्राष्ट्रीय गैर-लाभकारी, गैर-सरकारी संगठन है। ICID सिंचाई, जल निकासी तथा बाढ़ प्रबंधन के क्षेत्र में विश्वभर के विशेषज्ञों का एक पेशेवर नेटवर्क है। इसका मुख्य उद्देश्य विश्व को ‘स्थायी ग्रामीण विकास के माध्यम से गरीबी एवं भूख से मुक्त सुरक्षित जल’ प्रदान करने के लिये ‘सतत कृषि जल प्रबंधन’ को बढ़ावा देना है।

यूनेस्को द्वारा मान्यता प्राप्त विश्व धरोहर स्थलों की तर्ज़ पर यह भी विश्वभर में ‘विरासत सिंचाई संरचना’ (HIS) को मान्यता प्रदान करता है।

 

 

 

 

 

 

 

उत्तर-4 : (d)

 

व्याख्या : वित्तीय वर्ष 2018-19 में अमेरिकी डॉलर के संबंध में भारतीय मुद्रा का अवमूल्यन मूल्य देश में आर्थिक अशांति का केंद्र बिंदु रहा है। रुपया प्रति डॉलर 74 तक गिर गया है (16 अक्तूबर, 2018)।

 

रुपये में दिखने वाली गिरावट के कारण निम्न हैं-

 

♦ भारत के व्यापार घाटे में वृद्धि- वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी किये गए आँकड़ों के अनुसार, जुलाई 2018 में भारत का व्यापार घाटा 18.02 बिलियन डॉलर, जो पिछले 5 वर्षों के उच्चतम स्तर पर है, पहुँच गया, जो प्रति माह 8.5 फीसदी दर से बढ़ रहा है। कच्चे तेल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी रुपये पर दबाव डाल रही है क्योंकि भारत कच्चे तेल की आवश्यकता का 80 प्रतिशत से अधिक आयात करता है। बढ़ते आयात बिलों और धीमी निर्यात वृद्धि के संयोजन से भारत के चालू खाता घाटे में असर दिख रहा है।

♦ तुर्की संकट (कंटेजन इफेक्ट)- संयुक्त राज्य अमेरिका के साथ तुर्की के खराब संबंधों और राष्ट्रपति तैयब इरदुगान के अति उत्साही अर्थव्यवस्था पर बढ़ते प्रभाव के कारण, तुर्की लीरा में डॉलर के मुकाबले 40 फीसदी से अधिक की कमी आई है। इसने भारत सहित अन्य उभरते बाज़ारों में अधिप्लावन प्रभाव (spillover impact) पैदा किया है।

♦ डॉलर कारक-वर्ष 2008 के वित्तीय संकट से उभरने के बाद अमेरिकी फेडरल रिज़र्व ने अपनी विस्तृत मौद्रिक नीति समाप्त कर दी। इससे डॉलर की पूर्ति दर में कमी देखी गई जो डॉलर की मांग में वृद्धि का कारक है और इस प्रकार इसका मूल्य बढ़ गया।

♦ वैश्विक व्यापार और मुद्रा युद्ध- अमेरिका और चीन के प्रतिशोधक आयात शुल्क से वैश्विक व्यापार युद्ध का भय देखा गया, जिससे भारतीय रुपया कमज़ोर हो गया। लगाए गए शुल्क ने मुद्रा अवमूल्यन की एक नई प्रवृत्ति को जन्म दिया है। मुद्रा युद्ध मुद्रा अस्थिरता में वृद्धि कर सकते हैं।

♦ विश्वभर में व्याप्त अन्य भू-राजनीतिक और भू-अर्थशास्त्र अनिश्चितताएँ। अतः विकल्प (d) सही है।

 

 

 

 

 

 

उत्तर-5 : (c)

 

व्याख्या : संगठन पंजीकरण अधिनियम, 1977 के तहत निगमित दक्षिण एशियाई महिला विकास फोरम (SAWDF), काठमांडु, नेपाल में अवस्थित एक स्वायत्त, गैर-लाभकारी संगठन है। इसे वर्ष 2014 में काठमांडु में आयोजित 18वें सार्क शिखर सम्मेलन में सार्क मंत्रिपरिषद् के 36वें सत्र में सार्क मान्यता प्राप्त निकाय की स्थिति प्रदान की गई थी। अत: कथन 1 सही है।

SAWDF सार्क क्षेत्रों में महिला उद्यमियों के आर्थिक मुद्दों की दिशा में कार्य कर रहे राष्ट्रीय महिला उद्यमियों के संगठनों या संस्थानों का प्रतिनिधित्व करने वाला सदस्य-आधारित क्षेत्रीय निकाय है।

‘समानता आर्थिक सशक्तीकरण के साथ शुरू होती है’ विषय पर आधारित अंतर्राष्ट्रीय महिला उद्यमी शिखर सम्मेलन-2018 का आयोजन SAWDF द्वारा सितंबर 2018 में काठमांडु, नेपाल में किया गया। शिखर सम्मेलन ने सूचना प्रौद्योगिकी, कृषि, पर्यटन, ई-व्यापार, व्यापार तथा लिंग, विषयों की विस्तृत सारणी पर विचार-विमर्श किया; तथा अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के एक संघ के साथ विभिन्न सहयोग एवं साझेदारी के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। अत: कथन 2 सही है।