नियमित अभ्यास क्विज़ (Daily Pre Quiz) - 185

Posted on July 23rd, 2019 | Create PDF File

hlhiuj

प्रश्न-1 : दिसंबर, 2018 में समाचारों में रहा पद ‘रियाद घोषणा’ निम्नलिखित में से किस संगठन से संबंधित है ?

 

(a) पेट्रोलियम निर्यातक देशों का संगठन

(b) खाड़ी सहयोग परिषद

(c) अरब लीग

(d) अरब वित्तीय एकता परिषद

 

उत्तर - ()

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रश्न-2 : कभी-कभी समाचारों में दिखने वाला पद ‘हाई रिज़ॉल्यूशन इमेजिंग साइंस एक्सपेरिमेंट’ (HiRISE) निम्नलिखित मिशनों में से किससे संबंधित है ?

 

(a) कैसिनी-हाइगेंस मिशन

(b) मंगल टोही परिक्रमा यान (एम.आर.ओ.)

(c) जूनो मिशन

(d) यूरोपा क्लिपर मिशन

 

उत्तर - ()

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रश्न-3 : वैश्विक लैंगिक अंतराल रिपोर्ट, 2018 के संदर्भ में निम्नलिखित कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं ?

  1. यह शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक अवसर व राजनीतिक सशक्तीकरण पर आधारित असमानताओं की जाँच करता है।   
  2. इसके अनुसार आर्थिक अवसर के क्षेत्र में लैंगिक अंतराल में कुछ कमी आई है।
  3. नॉर्डिक देशों में सबसे अधिक समग्र लैंगिक अंतराल पाया गया।

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये:   

(a) केवल I और II

(b) केवल II

(c) केवल I और III

(d) I, II और III 

 

उत्तर - ()

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रश्न-4 : कभी-कभी समाचारों में दिखाई देने वाली ‘शैलेश नायक समिति’ निम्नलिखित में से किस कार्य से संबंधित है ?

 

(a) तटीय क्षेत्र के नियमों में संशोधन से

(b) थल, वायु और नौसेना के बीच समन्वय बढ़ाने से

(c) नई शिक्षा नीति तैयार करने से

(d) डेटा सुरक्षा कानून से  

 

उत्तर - ()

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रश्न-5 : एक्सीड सैट 1 के संबंध में निम्नलिखित कथनों में से कौन-सा/से सही है/हैं ?

  1. यह एक सुदूरसंवेदी उपग्रह है।   
  2. यह भारत का निजी स्तर पर पूर्ण रूप से निर्मित प्रथम उपग्रह है जिसे अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया गया। 
  3. इसे इसरो के कार्योपयोगी पी.एस.एल.वी. का प्रयोग कर प्रक्षेपित किया गया है।

नीचे दिये गए कूट का प्रयोग कर सही उत्तर चुनिये:   

(a) I, II और III

(b) केवल II और III

(c) केवल II

(d) उपरोक्त में से कोई नहीं

         

उत्तर - ()

 

 

 

 

उत्तरमाला

 

 

 

 

 

उत्तर-1 : (b)

 

व्याख्या : 

हाल ही में सऊदी अरब की राजधानी रियाद में 39वें खाड़ी सहयोग परिषद (जी.सी.सी.) शिखर सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह बैठक ‘रियाद घोषणा’ के साथ संपन्न हुई।

  • रियाद घोषणा ने सदस्य देशों के एकीकरण और वर्ष 2025 तक वित्तीय प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने के लिये एक कार्यान्वयन रूपरेखा बनाने का आह्वान किया।
  • इस घोषणा में खाड़ी सहयोग परिषद की शक्ति और इसके सदस्यों के बीच एकता सुनिश्चित करते हुए इस क्षेत्र की चुनौतियों से निपटने के लिये परिषद के एकीकरण के महत्त्व पर बल दिया गया।
  • घोषणा ने इस बिंदु पर भी बल दिया कि वे साथी राज्यों फिलिस्तीन और यमन के मामले में समर्थन जारी रखेंगे। जी.सी.सी. कट्टरपंथ का मुकाबला करेगा, कानून की श्रेष्ठता के प्रति निष्ठा रखेगा और आतंकवाद से लड़ने के लिये अंतर्राष्ट्रीय सहयोगियों के साथ मिलकर काम करेगा।

अत: विकल्प (b) सही है।

 

 

 

 

 

 

उत्तर-2 : (b)

 

व्याख्या : 

  • हाई रिज़ॉल्यूशन इमेजिंग साइंस एक्सपेरिमेंट (HiRISE) नासा के अंतरिक्षयान मार्स रेकनाइसेंस ऑर्बिटर (एम.आर.ओ.) पर तैनात एक कैमरा है जो लाल ग्रह (मंगल) की सतह के हाई-रिज़ॉल्यूशन वाले चित्र पृथ्वी पर भेजता है।
  • HiRISE कैमरा दृश्यमान तरंग दैर्ध्य में काम करता है, इसमें एक दूरबीन लेंस मौजूद है जो ऐसे हाई-रिज़ॉल्यूशन वाले चित्र खींच सकती है, जो पहले के किसी ग्रह अन्वेषण अभियानों में कभी नहीं देखे गए।
  • यह खनिज समूहों की उपस्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिये निकट-अवरक्त तरंग दैर्ध्य पर भी अवलोकन करता है।
  • हाल ही में HiRISE द्वारा भेजे गए चित्रों से यह देखने में मदद मिली कि लैंडर सुरक्षित तरीके से मंगल ग्रह की सतह पर उतर गया है और इसने तुरंत अपना कार्य करना शुरू कर दिया है।

अत: विकल्प (b) सही है।

 

 

 

 

 

 

उत्तर-3 : (a)

 

व्याख्या : 

विश्व आर्थिक मंच (World Economic forum-WEF) की वैश्विक लैंगिक अंतराल रिपोर्ट, 2018 के अनुसार, वर्ष 2018 में वेतन समानता में कुछ सुधार आया है। हालाँकि, वैश्विक लैंगिक अंतराल एक दशक में पहली बार बढ़ा है।

  • राजनीति में महिलाओं के प्रतिनिधित्त्व में आई गिरावट तथा स्वास्थ्य और शिक्षा तक उनकी पहुँच में वृहद असमानता के कारण यह अंतराल बढ़ा है।
  • इस वार्षिक रिपोर्ट में 149 देशों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक अवसर और राजनीतिक सशक्तीकरण के चार क्षेत्रों में मौजूद लैंगिक असमानता का परीक्षण किया जाता है। अत: कथन 1 सही है।
  • इसके अनुसार, शिक्षा, स्वास्थ्य और राजनीतिक प्रतिनिधित्व में वर्षों से जारी उन्नति के बाद इन तीनों ही क्षेत्रों में महिलाओं ने असफलता दर्ज की है।
  • केवल आर्थिक अवसर के क्षेत्र में लैंगिक अंतराल में कुछ कमी आई है। हालाँकि, वैश्विक वेतन अंतराल लगभग 51 प्रतिशत तक संकुचित हुआ है। अत: कथन 2 सही है।
  • रिपोर्ट के अनुसार, नेतृत्वकारी भूमिका में महिलाओं की संख्या में वैश्विक स्तर पर 34 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
  • रोज़गार के बढ़ते क्षेत्रों, जहाँ विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित में कौशल की आवश्यकता होती है में महिलाओं का प्रतिनिधित्व उल्लेखनीय रूप से कम है।
  • समग्र रूप से नॉर्डिक देशों ने तालिका में शीर्ष स्थानों पर अपना वर्चस्व कायम किया है। आइसलैंड में महिलाओं और पुरुषों में सबसे अधिक समानता है और इसके बाद तालिका में नॉर्वे, स्वीडन और फिनलैंड का स्थान आता है।
  • सीरिया, इराक, पाकिस्तान और अंतिम स्थान पर उपस्थित यमन ने सर्वेक्षण में शामिल देशों में सबसे अधिक समग्र लैंगिक अंतराल दर्शाया। अत: कथन 3 सही नहीं है।
  • इस रिपोर्ट में भारत को 108वाँ स्थान दिया गया है।

 

 

 

 

 

 

उत्तर-4 : (a)

 

व्याख्या : 

  • तटीय विनियमन क्षेत्र 2011 से संबंधित विषयों की समीक्षा करने के उद्देश्य से शैलेश नायक समिति का गठन किया गया।
  • 12 समुद्री मील तक जल के साथ-साथ कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों में तटों के प्रबंधन हेतु समिति ने स्थानीय प्राधिकरणों के साथ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को शक्तियों के हस्तांतरण की सिफारिश की।
  • इसने पारिस्थितिकी-पर्यटन के विकास और सार्वजनिक हित से जुड़े बंदरगाहों, पुलों और तटीय सुरक्षा से संबंधित प्रतिष्ठानों जैसी आधारभूत ढाँचागत परियोजनाओं के लिये तटीय विनियमन क्षेत्र (सी.आर.ज़ेड.) में समुद्रतल के पुनर्ग्रहण की भी सिफारिश की।
  • हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने तटीय विनियमन क्षेत्र (सी.आर.ज़ेड.) अधिसूचना, 2018 को मंज़ूरी प्रदान की है। तटीय क्षेत्रों के प्रबंधन के इन नए नियमों से तटीय क्षेत्रों की गतिविधियों में वृद्धि होगी, जिससे आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

अत: विकल्प (a) सही है।

 

 

 

 

 

 

उत्तर-5 : (c)

 

व्याख्या : 

एक्सीड सैट 1 उपग्रह (10 सेमी. × 10 सेमी. × 10 सेमी. के परिमाण के साथ) एक घनाकार रूप में सूक्ष्म-उपग्रह (माइक्रोसैटेलाइट) है और यह एल्युमीनियम मिश्रित धातु से निर्मित है।

  • यह एक पूर्ण संचार उपग्रह है और इसका उद्देश्य निजी हैम (अपरिपक्व) रेडियो ऑपरेटरों को महत्त्वपूर्ण सहयोग प्रदान करना है। यह एक सुदूरसंवेदी उपग्रह नहीं है। अत: कथन 1 सही नहीं है।
  • एक्सीड सैट 1 भारत का पूर्ण रूप से निजी स्तर पर निर्मित प्रथम उपग्रह है, जिसे स्पेस एक्स द्वारा सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया गया है। अत: कथन 2 सही है, जबकि कथन 3 सही नहीं है।
  • यह उपग्रह मुंबई स्थित स्टार्ट-अप कंपनी एक्सीड स्पेस द्वारा तैयार किया गया है। इसे 2 करोड़ रुपए की लागत से बनाया गया है।