अर्थव्यवस्था समसामयिकी 1(5-May-2023)
पशुपालन व डेयरी किसानों हेतु किसान क्रेडिट कार्ड राष्ट्रव्यापी अभियान
(Kisan Credit Card Nationwide Campaign for Animal Husbandry and Dairy Farmers)

Posted on May 5th, 2023 | Create PDF File

hlhiuj

केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय ने आज़ादी का अमृत महोत्सव के हिस्से के रूप में वर्ष 2023-24 के लिये पशुपालन और डेयरी किसानों (Animal Husbandry, Dairying, and Fisheries- ADHF) हेतु किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) राष्ट्रव्यापी अभियान का आधिकारिक तौर पर शुभारंभ किया।

 

यह अभियान 1 मई, 2023 से 31 मार्च, 2024 तक चलेगा।

 

पशुपालन व डेयरी किसानों हेतु किसान क्रेडिट कार्ड राष्ट्रव्यापी अभियान :

 

इस अभियान का उद्देश्य देश के सभी पात्र पशुपालन, डेयरी और मत्स्य किसानों तक किसान क्रेडिट कार्ड के लाभों का विस्तार करना है।

 

इस अभियान से मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी गतिविधियों में लगे सभी छोटे व सीमांत किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) सुविधा प्रदान करने में मदद मिलेगी।

 

पिछले अभियानों के परिणाम : 

 

जून 2020 से मत्स्यपालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय ने वित्तीय सेवा विभाग के साथ मिलकर सभी पात्र पशुपालन एवं मत्स्य किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा प्रदान करने के लिये विभिन्न अभियान चलाए हैं।

 

इन अभियानों के दौरान पशुपालन और मत्स्यपालन से जुड़े किसानों को 27 लाख से अधिक नए किसान क्रेडिट कार्ड जारी किये गए।

 

मौजूदा अभियान : 

 

वर्तमान अभियान के दौरान राज्य पशुपालन और मत्स्यपालन विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों से प्राप्त आवेदनों की मौके पर जाँच हेतु अग्रणी ज़िला प्रबंधक (Lead District Manager- LDM) द्वारा समन्वित KCC समन्वय समिति प्रत्येक सप्ताह ज़िला स्तरीय KCC शिविर आयोजित करेगी।

 

किसान क्रेडिट कार्ड :

 

किसानों को समय पर ऋण सहायता प्रदान करने हेतु किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना वर्ष 1998 में शुरू की गई थी।

 

यह खेती, कृषि आदानों की खरीद और अन्य ज़रूरतों हेतु ऋण प्रदान करती है।

 

वर्ष 2004 में किसानों की निवेश ऋण आवश्यकता को कवर करने हेतु इस योजना का विस्तार किया गया था।

 

यह सुविधा वर्ष 2018-19 में मत्स्य और पशुपालन में संलग्न किसानों हेतु बढ़ा दी गई थी।

 

उद्देश्य : 

 

इस योजना का उद्देश्य फसल की खेती, फसल के बाद के खर्चों, विपणन ऋण, उपभोग आवश्यकताओं और कृषि संपत्तियों के रखरखाव के लिये कार्यशील पूंजी हेतु किसानों की अल्पकालिक ऋण आवश्यकताओं को पूरा करना है।

 

यह कृषि और संबद्ध गतिविधियों के लिये निवेश ऋण भी प्रदान करती है।

 

विशेषताएँ : 

 

KCC योजना एक ATM-सक्षम RuPay डेबिट कार्ड और लचीली/सरलीकृत सुविधा प्रदान करती है।

 

ब्याज छूट का लाभ उठाने के लिये आधार सीडिंग अनिवार्य है।

 

यह सुविधा मत्स्यपालन और पशुपालन किसानों को उनकी अल्पकालिक ऋण आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद करती है।