आकाशवाणी सार (21-Apr-2019)
AIR News Gist

Posted on April 21st, 2019 | Create PDF File

hlhiuj

मुख्य समाचार-

 

 

*नौसेना ने मिसाइल विध्वंसक जहाज़ इम्फाल का जलावतरण किया।

*यमन में सरकार समर्थक बलों और विद्रोहियों के बीच भीषण संघर्ष में 85 लोगों की मौत।

 

*छत्‍तीसगढ़ में 15 माओवादियों का समर्पण।

*दुनियाभर में ईस्‍टर धार्मिक श्रद्धा और उल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है।

*श्रीलंका में ईस्टर के दौरान गिरजाघरों और होटलों में बम विस्फोटों में तीन भारतीयों सहित दो सौ से अधिक लोग मारे गए। सात संदिग्ध गिरफ्तार।

*विश्व नेताओं ने हमले की निंदा की। भारत की श्रीलंका को हरसंभव मदद की पेशकश।

 

समाचार विस्तार से-

 

 

 

 

 

*भारतीय नौसेना ने मुंबई में मझगांव डॉक शिपबिल्‍डर्स में स्‍वदेश में निर्मित लक्षित मिसाइल विध्‍वंसक पोत इम्‍फाल का जलावतरण किया। ये पोत दो बहुउद्देशीय हेलिकॉप्टर साथ ले जाने और संचालित करने वाली पोत निर्माण परियोजना का तीसरा पोत है।


भारतीय नौसेना के प्रोजेक्ट 15-बी का तीसरा युद्धपोत इम्फाल टारगेट मिसाइलों को विध्वस्त करने में माहिर है और इसे भारत में ही डिजाइन किया और बनाया गया है। इस युद्धपोत का वजन फिलहाल 3033 टन है लेकिन आने वाले दिनों में इस पोत में अत्याधुनिक हथियारों और ताकतवर ब्रम्होस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों से लैस किया जाएगा। लंबाई 163 मीटर और चौड़ाई 17 पूर्णांक चार मीटर है। चार गैस टरबाइन से चलने वाला यह पोत 30 नॉट की गति से आगे बढ़ सकता है।

--------------------

*यमन में धाले प्रांत में सरकार समर्थक बलों और विद्रोहियों के बीच हुए भीषण संघर्ष में 85 लोग मारे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि एक सप्‍ताह से भी अधिक समय तक चली लड़ाई के बाद हौसी विद्रोहियों ने डैम जिले और आसपास के इलाकों पर फिर कब्‍जा कर लिया। इस संघर्ष में दर्जनों लोग घायल भी हुए हैं।

 

यमन में ईरान-समर्थित हौसी विद्रोहियों और सउदी अरब के नेतृत्‍व वाले गठबंधन द्वारा समर्थित राष्‍ट्रपति आबेद रब्‍बो मंसूर हादी समर्थकों के बीच मार्च 2015 से गृह युद्ध छिड़ा हुआ है।

 

--------------------

*आज ईस्‍टर है। दुनिया भर में यह त्‍योहार ईसा मसीह को गुड फ्राइडे को सलीब पर लटकाये जाने के तीन दिन बाद उनके पुनर्जीवित हो उठने की स्‍मृति में मनाया जाता है।


ईस्‍टर मनाए जाने की खबरें देश-विदेश से प्राप्‍त हो रही हैं। गिरजाघरों में आज विशेष सामूहिक प्रार्थना सभाएं की जा रही हैं।


केरल में आज सुबह से ही हजारों श्रद्धालु गिरिजाघरों में विशेष प्रर्थनाएं कर रहे हैं। इस अवसर पर वरिष्‍ठ धर्मोपदेशकों और पादरियों ने नई आशा का संदेश दिया। ईस्‍टर चालीस दिन के उपवास की समाप्ति का आखिरी दिन भी होता है।

--------------------

*त्रिपुरा में पुलिस ने त्रिपुरा पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से आठ मतदान अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। इन मतदान और पीठासीन अधिकारियों पर बूथ पर कब्‍जा करने की घटनाओं को जानबूझकर दबाने का आरोप है। इस निर्वाचन क्षेत्र में 11 अप्रैल को मतदान हुआ था।

---
*छत्‍तीसगढ़ में बस्‍तर मंडल के बीजापुर जिले में 15 माओवादियों ने समर्पण कर दिया है। इनमें छह महिलाएं भी हैं। इन माओवादियों ने पुलिस अधीक्षक गोवर्धन ठाकुर के समक्ष समर्पण किया। इनमें से एक माओवादी पर एक लाख रुपये का ईनाम था। इन माओवादियों ने तीन राइफलें भी पुलिस को सौंपीं।

 

--------------------

*श्रीलंका में गिरजाघरों और फाइव स्‍टार होटलों में बम विस्‍फोटोंमें मृतकों की संख्‍या 207 हो गई है। मृतकों में तीन भारतीयों, लक्ष्‍मी, नारायण चन्‍द्रशेखर और रमेश सहित 27 विदेशी भी हैं। चार सौ से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।

 

देश में कर्फ्यू लगा दिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अगली सूचना तक कर्फ्यू जारी रहेगा। सरकार ने अफवाह फैलने से रोकने के लिए सोशल मीडिया साईट व्‍हाट्सऐप और फेसबुक पर पाबंदी लगा दी है।

 

कोलम्बो में तीन पांच सितारा होटलों और देशभर में तीन गिरजाघरों में छह बम विस्फोट हुए। कोलंबो के सेंट एंथनी गिरजाघर तथा नेगोम्‍बो और बट्टीकलोवा के दो गिरजाघरों में विस्‍फोट हुए। कोलम्बो के उपनगरीय इलाके में एक और बम विस्फोट की खबर है। ये हमले सुबह लगभग 9 बजे हुए जब गिरजाघरों और होटलो में ईस्‍टर की प्रार्थनाएं हो रही थीं। अभी तक इन हमलों की किसी संगठन ने जिम्‍मेदारी नहीं ली है।

 

प्रधानमंत्री राणिल विक्रमसिंघे ने इस हालात का जायजा लेने के लिए आपातकालीन बैठक बुलाई है। उन्‍होंने आम जनता से संयम बरतने और एकजुट रहने का अनुरोध किया है। वर्ष 2009 में एल टी टी ई के साथ युद्ध खत्म होने के बाद श्रीलंका में यह सबसे बड़ा हमला है।

 

हमले को जिस सुनियोजित ढंग से अंजाम दिया गया, वो किसी बड़ी साजिश का हिस्‍सा लगता है। सरकारी सूत्रों के हिसाब से इसमें किसी स्‍थानीय कट्टरवादी संस्‍थाओं का हाथ है, जिन्‍हें विदेशी संस्‍थाओं ताकतों का समर्थन हासिल हो सकता है।आश्‍चर्य की बात यह भी है कि हमले के बारे में एक सप्‍ताह पहले खुफिया खबरें दी थीं,लेकिन पुलिस इसको रोकने में असफल रही। दोपहर बाद इन संदिग्‍ध संस्‍थाओं के खिलाफ छापामारी में तीन पुलिसकर्मियों सहित पांच लोगों की मौत हो गई।

 

श्रीलंका पुलिस ने देशभर में विस्‍फोटों के संबंध में सात संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। शुरूआती जांच में पता चला है कि ये विस्‍फोट आत्मघाती बम हमलावरोंने किये। विस्‍तृत जांच जारी है।

 

विश्‍व नेताओं ने श्रीलंका में विस्‍फोटों की कड़ी निंदा की है। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री टेरीजा मे, अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प,रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन, जर्मनी के राष्ट्रपति, नीदरलैंड के प्रधानमंत्री मार्क रूट्टे, ऑस्‍ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्‍कॉट मॉरिसन, न्‍यूजीलैंडकी प्रधानमंत्री जेसिंडा एरडर्न सहित अनेक नेताओं ने कहा है कि वे संकट की इस घड़ी में श्रीलंका के साथ हैं। येरूशलम के कैथोलिक चर्च और पोप फ्रांसिस ने भी हमले की निंदा की है।

 

संयुक्‍त अरब अमारात, तुर्की, बहरीन, कतर, पाकिस्तान और बांग्लादेशके नेताओं ने भी इस हमले को निंदनीय बताया है।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने श्रीलंका के राष्‍ट्रपति मैत्रीपाल सिरिसेना और प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे से बात की है और हमलों में मारे गए निर्दोष लोगों के प्रति संवेदना प्रकट की है। श्री मोदी ने टेलिफोन पर बातचीत में श्रीलंका को हरसंभव मदद की पेशकश की।

 

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इन हमलों पर दुख व्यक्त किया है। श्री गांधी ने आतंकवाद के इस घृणित कार्य की कड़ी निंदा की।

 

विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज ने श्रीलंका में धमाकों के बाद वहां के विदेश मंत्री तिलक मारापना से बात की। श्रीमती स्‍वराज ने कहा कि भारत इस कठिन घड़ी में श्रीलंका को हरसंभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है। उन्‍होंने कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो भारत से चिकित्‍सा दल भी भेजे जाएंगे।

 

समाचार पत्रों की सुर्खियों से-

 

*विभिन्न राज्यों में चुनाव प्रचार की गहमागहमी और आरोप-प्रत्योरोपों की ख़बरें आज प्रकाशित अख़बारों के पहले पन्ने पर छाई हुई हैं। राष्ट्रीय सहारा के शब्द हैं--तरकश से निकले नये-नये तीर। अख़बारों ने अलग-अलग राज्यों में कुछ दलों के गठबंधन पर भी टिप्पणियां की हैं।

 

*नवभारत टाइम्स, जनसत्ता, हरिभूमि, देशबंधु और दैनिक ट्रिब्यून की पहली सुर्खी है--आरोपों की साजिश और सुप्रीम कोर्ट में अप्रत्याशित सुनवाई के बाद प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई ने कहा--न्यायपालिका की आज़ादी ख़तरे में। राजस्थान पत्रिका ने लिखा है--झूठे आरोपों के पीछे शातिर ताकतें।

 

*बारामूला में मुठभेड़ के बाद एक आतंकवादी के मारे जाने की ख़बर दैनिक ट्रिब्यून में है।

 

*महिलाओं के ख़िलाफ टिप्पणी मामले में क्रिकेटर लोकेश राहुल और हार्दिक पांड्या पर 20-20 लाख रुपये का जुर्माना लगाये जाने की ख़बर अख़बारों ने विस्तार से दी है।

 

*भारतीय नौसेना ने कल परम्परा के अनुसार गाइडेड मिसाइल विध्वंसक पोत इम्फाल का जलावतरण किया--लिखा है राष्ट्रीय सहारा ने। देशबंधु ने लिखा है--आधुनिक प्रौद्योगिकी से लैस तीस समुद्री मील की गति से आगे बढ़ने में सक्षम। अमर उजाला ने लिखा है--साठ साल में ख़रीदार से निर्माता बनी नौसेना।

 

*विंग कमांडर अभिनंदन को युद्धकाल में वीरता के तीसरे बड़े सम्मान वीर चक्र की सिफारिश की ख़बर जनसत्ता, हरिभूमि, देशबंधु और नवभारत टाइम्स के मुखपृष्ठ पर है।

 

*जीएसटी बिक्री रिटर्न कारोबारी 23 अप्रैल तक जमा करें--लिखा है हरिभूमि ने।

 

*जेट एयरवेज़ के कर्मचारियों के वेतन और अन्य भुगतान के लिये राष्ट्रपति से गुहार लगाने की खबर दैनिक ट्रिब्यून में है।

 

*नेत्रहीन नाविक का प्रशांत महासागर में रिकॉर्ड बनाने की ख़बर कई अख़बारों में है। अमर उजाला ने लिखा है--इस विशाल महासागर में बारह मीटर लम्बी नौका से नेत्रहीन जापानी नागरिक ने बिना रुके प्रशांत यात्रा पूरी की।

 

*अख़बारों के रविवारीय परिशिष्ट में ईस्टर संबंधी विशेष आलेख हैं।