राष्ट्रीय समसामयिकी 2(26-July-2023)
मिशन शक्ति - महिलाओं के सशक्तीकरण का केंद्र
(Mission Shakti - Center for Empowerment of Women)

Posted on July 27th, 2023 | Create PDF File

hlhiuj

हाल ही में महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय जन सहयोग एवं बाल विकास संस्थान (NIPCCD) ने राज्य नोडल अधिकारियों तथा राज्य मिशन समन्वयकों के लिये 'महिला सशक्तीकरण के लिये मिशन शक्ति- हब' पर पहला क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया।

 

NIPCCD महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अंर्तगत एक स्वायत्त संस्थान है जो महिला एवं बाल कल्याण के क्षेत्र में स्वैच्छिक कार्रवाई, अनुसंधान, प्रशिक्षण और दस्तावेज़ीकरण को बढ़ावा देने के लिये कार्य करता है।

 

इसकी स्थापना वर्ष 1966 में हुई थी तथा इसका मुख्यालय दिल्ली में है एवं चार क्षेत्रीय केंद्र बंगलूरू, गुवाहाटी, इंदौर और लखनऊ में हैं।

 

मिशन शक्ति योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, हिंसा से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ श्रम बल में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर केंद्रित है।

 

'मिशन शक्ति' में दो उप-योजनाएँ शामिल हैं- महिलाओं की सुरक्षा के लिये 'संबल' और उनके सशक्तीकरण के लिये 'सामर्थ्य'।

 

संबल में लैंगिक न्याय के लिये वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन, बेटी बचाओ बेटी पढाओ तथा नारी अदालत जैसे घटक शामिल हैं।

 

सामर्थ्य में आर्थिक सशक्तीकरण के लिये कोष अंतराल के एक नए घटक के साथ-साथ स्वाधार गृह, कामकाजी महिला छात्रावास, राष्ट्रीय क्रेच योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जैसी योजनाएँ शामिल हैं।

 

महिलाओं के सशक्तीकरण के लिये हब, सामर्थ्य उप-योजना के अंर्तगत एक पहल है।