नीतिशास्त्र केस स्टडी - 5 (Ethics Case Study - 5)

Posted on March 27th, 2020 | Create PDF File

hlhiuj

Ethics Case Study - 5

 

प्रश्न - आपको अपनी मां के माध्यम जानकारी मिलती है कि आपके पड़ोसी की पत्नी गर्भवती है। आपके पड़ोसी ने इसका अल्ट्रासाउंड करा लिया है और उसे ज्ञात हुआ कि गर्भ में पल रहा बच्चा लड़की है। उसने अपनी पत्नी का गर्भपात कराने का निर्णय लिया है। इस विषय में इस स्थिति में आप क्‍या करेंगे?

 

उत्तर - कन्या भ्रूण हत्या की सामाजिक समस्या वस्तुतः दहेज प्रथा और लड़की को पराया धन समझने की मनोवृत्ति के कारण है। जब तक दहेज प्रथा पर अंकुश नहीं लगता और जब तक लड़की को पराया धन समझने की मानसिकता समाप्त नहीं होती तब तक इस समस्या का उचित समाधान प्रतीत नहीं होता।

 

जहाँ तक पड़ोसी के कन्या भ्रूण हत्या का प्रश्न है। इस सन्दर्भ में मेरा नैतिक दायित्व यह है कि सर्वप्रथम उसे यह समझाने का प्रयास करूं कि वस्तुतः वर्तमान परिप्रेक्ष्य में लड़के और लड़की में कोई भेद नहीं है और यदि लड़की सुशिक्षित एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होगी तो दहेज संबंधी समस्या की संभावना क्षीण हो जाती है।

 

मैं उसे इस तथ्य से भी अवगत कराऊंगा कि प्रसव पूर्व लिंग परीक्षण कराकर उसने पहले ही एक अपराध कर लिया है। जिसकी सूचना पुलिस को दी जा सकती है।साथ ही हम उसे कन्या भ्रूण हत्या के दुष्परिणामों से भी अवगत कराएंगे और उसमें इस सामाजिक नेतिक बोध को विकसित करने का प्रयास करेंगे कि यदि उसी की भांति अन्य लोग भी कन्या भ्रूण हत्या करेंगे तो इसके सामाजिक दुष्परिणाम कया होंगे और यद वह इन सब तथ्यों से अवगत होने के बाद भी इस आपराधिक कृत्य को करने का प्रयास करता है तो मैं निःसंदेह इसकी लिखित शिकायत पुलिस में दर्ज कराऊंगा।