नीतिशास्त्र केस स्टडी - 8 (Ethics Case Study - 8)

Posted on March 27th, 2020 | Create PDF File

hlhiuj

Ethics Case Study - 8

 

प्रश्न - आप एक प्रशासनिक अधिकारी हैं और आपको सूचना मिली है कि आपके जनपद में कुछ बाल सुधार गृहों में आपराधिक गतिविधियां हो रही हैं। इस समस्या को आप किस प्रकार हल करेंगे ?

 

उत्तर - भारतीय समाज में बच्चों से संबंधित अनेक समस्याएं हैं जैसे बाल शोषण, बाल श्रम,बाल अपराध और बचपन में ही विद्यालय से निकल जाना आदि। भारत में यह समस्या इसलिए भी अत्यधिक गम्भीर हो जाती है क्योंकि यहॉ अशिक्षा और बेरोजगारी भी विद्यमान है। वर्तमान भारत में 45 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की जनसंख्या 42% है। इसलिए बच्चों से संबंधित समस्या का निवारण अत्यंत आवश्यक है।

 

बाल सुधार गृहों में वही बच्चे आते हैं जो पहले विद्यालय छोड़ चुके होते हैं, कहीं श्रमिक के रूप में कार्य कर चुके होते हैं या फिर आपराधिक पृष्ठभूमि के होते हैं। ये बच्चे पहले ही बहुत उत्पीड़न सह चुके होते हैं और यदि इन्हें बाल सुधार गूृहों में उचित वातावरण न मिले तो इनके बिगड़ने की संभावना प्रबल बनी रहती है। बच्चे देश के भविष्य होते हैं। इसलिए इनकी समस्याओं पर त्वरित कार्यवाही की आवश्यकता होती है।

 

एक अधिकारी के रूप में मेरा कर्तव्य है कि मैं उन सुधार गृहों का सर्वेक्षण करूं,वस्तुस्थिति का ठीक जायजा लूं और फिर जो अधिकारी इसके लिए उत्तरदायी हैं उनके विरुद्ध लिखित कारंवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित करूं। वस्तुतः निलंबन ही पर्याप्त नहीं है। वे अधिकारी यदि दोषी हैं तो इसके लिए कानूनी कार्यवाई की भी अनुशंसा करूं।

 

तात्कालिक समस्या के निवारण के पश्चात्‌ मैं यह जानने का प्रयास करूं कि इन सुधार गृहों में किन-किन स्थानों पर किस प्रकार के अपराध विद्यमान हैं और इन अपराधों के संबंध किन आपराधिक तत्वों या समूहों से हैं, आदि की पूर्ण जानकारी प्राप्त करूं। इसके लिए मैं स्वयं औचक निरीक्षण करूं और यदि आवश्यकता हो तो अपने अधीनस्थ अधिकारियों को इसकी पूर्ण जानकारी समयसीमा के भीतर प्रस्तुत करने का आदेश दूं और जब समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण बन जाए तो बच्चों के लिए कुछ रचनात्मक कार्यों की योजना एवं क्रियान्वयन को कार्यरूप दूं। बच्चे सहजता से कुछ सीख लेते हैं। उन्हें जल्दी ही आपराधिक कृत्यों से हटाकर अनुशासित करते हुए शिक्षा के लिए प्रेरित करूं। यदि शिक्षण संस्थाएं वहाँ उपलब्ध नहीं है तो तात्कालिक रूप से कुछ अध्यापकों की नियुक्ति वहाँ करके शिक्षा प्रारंभ करने का प्रयास करूं। इस संदर्भ में हरसंभव सुविधाएं अपने उच्च अधिकारियों,प्रशासन एवं शासन के माध्यम से उपलब्ध कराने का प्रयास करूं।