पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी समसामियिकी 2 (27-Jan-2021)
जलवायु अनुकूलन शिखर सम्मेलन 2021
(Climate Adaptation Summit 2021)

Posted on January 27th, 2021 | Create PDF File

hlhiuj

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में जलवायु अनुकूलन शिखर सम्मेलन 2021 को वर्चुअली संबोधित किया और जलवायु अनुकूलन के लिए भारत की प्रतिबद्धताओं को दोहराया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इस वर्ष के अंत में भारत में आयोजित होने वाली आपदा रोधी संरचना पर तीसरे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए सभी देशों को आमंत्रित भी किया गया।

 

नीदरलैंड की सरकार ने 25 जनवरी 2021 को वर्चुअल माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय जलवायु अनुकूलन शिखर सम्मेलन (Climate Adaptation Summit) की मेजबानी की। यह सम्मेलन, 2021 में ग्लासगो में आयोजित होने वाले संयुक्त राष्ट्र जलवायु कार्रवाई शिखर सम्मेलन UNFCCC- COP26 हेतु जलवायु आपातकाल के अग्रणी समाधान प्रदर्शित करने और जलवायु अनुकूलन की गति को बनाए रखने में मददगार होगा। इस शिखर सम्मेलन में नए निवेश आकर्षित करने पर महत्वपूर्ण ध्यान केंद्रित किया गया, ताकि खाद्य उत्पादन पर जलवायु प्रभावों के प्रति लाखों छोटे किसानों की अनुकूलता को सुनिश्चित किया जा सके।

 

भारत का लक्ष्य वर्ष 2030 तक नवीनीकृत ऊर्जा की क्षमता को बढ़ाकर 450 गीगावाट करना है। भारत में एलईडी लाइट्स के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया जा रहा है और वार्षिक रूप से 39 मिलियन टन कार्बन-डाय-ऑक्साइड के उत्सर्जन को कम किया जा रहा है। भारत ने 2030 तक 26 मिलियन हेक्टेयर अन-उपजाऊ भूमि को हरा-भरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके अलावा 80 मिलियन ग्रामीण परिवारों को खाना पकाने के लिए स्वच्छ ईंधन प्रदान किया जा रहा है। भारत में 64 मिलियन घरों को पाइप के द्वारा जल आपूर्ति से जोड़ने का कार्य भी तेजी से चल रहा है। भारत ने अंतरराष्ट्रीय सौर संगठन और आपदा रोधी ढांचे के लिए हुए गठबंधन के साथ मिलकर वैश्विक जलवायु भागीदारी को भी मजबूत किया है।

 

संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन फ्रेमवर्क सम्मेलन (UNFCCC) की पार्टियों की वार्षिक बैठक को UNFCCC-COP के नाम से जाना जाता है। इस बैठक के 26वें सत्र UNFCCC-CoP26 का आयोजन 1 से 12 नवंबर, 2021 के दौरान स्कॉटलैंड के ग्लासगो में किया जाना है। शिखर सम्मेलन के इस सत्र की अध्यक्षता यूनाइटेड किंगडम द्वारा की जाएगी। गौरतलब है कि CoP1 का आयोजन बर्लिन में 1995 में किया गया था।