अन्तर्राष्ट्रीय समसामियिकी 5 (20-Oct-2020)
फिजी में हिंसक झड़प के बाद ताइवान और चीन के बीच आरोप प्रत्यारोप शुरू
(Accusations begin between Taiwan and China after violent clash in Fiji)

Posted on October 20th, 2020 | Create PDF File

hlhiuj

फिजी में हाल ही में ताइवान के राष्ट्रीय दिवस समारोह में चीनी दूतावास के अधिकारियों और ताइवान सरकार के कर्मचारियों के बीच हिंसक झड़प को लेकर दोनों देशों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।

 

चीन और ताइवान दोनों ने आठ अक्टूबर की घटना की पुष्टि की है लेकिन दोनों ने संघर्ष शुरू होने को लेकर एक दूसरे के दावे को खारिज कर दिया। संघर्ष में ताइवान के एक कर्मचारी के सिर में चोट आई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहीं एक चीनी राजनयिक भी घायल हो गये।

 

ताइवान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार प्रतिद्वंद्वी देशों की सरकारों के कर्मियों के बीच तनाव का यह विरल उदाहरण है जो उस समय पैदा हुआ जब समारोह में एकत्रित ताइवानी लोगों ने चीन के राजनयिकों को अतिथियों की तस्वीरें लेने से रोका।

 

मंत्रालय की प्रवक्ता जोने ओउ ने ट्वीट किया, ‘‘हम फिजी में हमारे राजदूतों के खिलाफ की गई कार्रवाई के लिए चीन की कड़ी निंदा करते हैं।’’

 

मंत्रालय ने कहा कि फिजी सरकार के समक्ष ताइवान औपचारिक रूप से विरोध दर्ज कराएगा।

 

वहीं फिजी में चीनी दूतावास ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि ताइवान का दावा तथ्यों से मेल नहीं खाता।

 

उसने बताया कि उसका एक कर्मचारी भी घायल हुआ है।

 

बयान में कहा, ‘‘ उसी शाम, फिजी में ताइपे व्यापार कार्यालय के कर्मचारियों ने चीनी दूतावास के कर्मचारियों के खिलाफ हिंसक व्यवहार किया, जो समारोह स्थल के बाहर सार्वजनिक क्षेत्र में अपने आधिकारिक कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे, जिससे एक चीनी राजनयिक को चोट आई और वह घायल हो गए। ’’