आधिकारिक बुलेटिन -1 (29-Jan-2019)
पूर्व रक्षा मंत्री जॉर्ज फर्नांडिस का लंबी बीमारी के बाद निधन
(Former Defense Minister George Fernandes dies after prolonged illness)

Posted on January 29th, 2019 | Create PDF File

hlhiuj

पूर्व रक्षा मंत्री एवं प्रख्यात समाजवादी नेता जॉर्ज फर्नांडिस का मंगलवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 88 वर्ष के थे।



उनकी सहयोगी जया जेटली ने यह जानकारी दी।



उन्होंने बताया कि फर्नांडिस अल्जाइमर बीमारी से पीड़ित थे, जिस कारण वह पिछले कई वर्षों से सार्वजनिक जीवन से दूर थे। हाल में उन्हें स्वाइन फ्लू भी हो गया था।



जया जेटली ने बताया उनका निधन उनके आवास पर हुआ।



पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली राजग सरकार में फर्नांडिस रक्षा मंत्री थे, जब 1999 में भारत ने कारगिल युद्ध लड़ा था। उनके कार्यकाल के दौरान ही भारत ने 1998 में पोखरण में परमाणु परीक्षण किया था।

 

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने श्री जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा, “जॉर्ज साहब ने भारत के सर्वश्रेष्ठ राजनीतिक नेतृत्व का प्रतिनिधित्व किया।

 

वह स्पष्टवादी, निडर, बेबाक और दूरदर्शी थे तथा उन्होंने हमारे देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान किया। गरीब और वंचित लोगों के अधिकारों को लेकर वह एक सबसे प्रभावशाली आवाज थे।

 

जॉर्ज साहब के निधन से दुःखी हूं।

 

जब हम श्री जॉर्ज फर्नांडिस के बारे में सोचते हैं, हमें न्याय के लिए लड़ने वाले सबसे प्रखर श्रमिक संघ के नेता, चुनावपूर्व राजनीतिक गतिविधियों में सबसे सशक्त राजनीतिज्ञों का अभिमान मिटाने वाले नेता, एक स्वप्नद्रष्टा रेल मंत्री और भारत को सुरक्षित तथा मजबूत बनाने वाले एक महान रक्षा मंत्री की याद आती है।

 

अपने सार्वजनिक जीवन के लंबे वर्षों के दौरान जॉर्ज साहब कभी भी अपने राजनीतिक आदर्श से विचलित नहीं हुए। उन्होंने आपातकाल का जोरदार विरोध किया था। उनकी सादगी और सरलता उल्लेखनीय थी। उनके परिजनों, मित्रों और अनेक प्रियजनों में जो दुःख की लहर है उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।”



प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘एक दूरदर्शी रेल मंत्री और एक महान रक्षा मंत्री जिसने भारत को सुरक्षित और मजबूत बनाया। अपने कई वर्षों के सार्वजनिक जीवन में वह अपनी विचारधारा पर अडिग रहे। उन्होंने आपातकाल का जोरदार विरोध किया। उनकी सादगी और विनम्रता उल्लेखनीय थी।’’ 



उपराष्‍ट्रपति श्री एम. वेंकैया नायडू ने भी पूर्व रक्षा मंत्री और वरिष्‍ठ राजनीतिज्ञ श्री जॉर्ज फर्नांडीस के निधन पर दु:ख व्‍यक्‍त किया है। एक शोक संदेश में उपराष्‍ट्रपति ने कहा-

 

‘मुझे भारत के पूर्व रक्षा मंत्री श्री जॉर्ज फर्नांडीस के निधन की खबर सुनकर गहरा दु:ख पहुंचा है।

श्री फर्नांडीज का बहुआयामी व्‍यक्तित्‍व था। लम्‍बे समय तक समाजवादी, ट्रेड यूनियन नेता और श्रेष्‍ठ सांसद रहे श्री फर्नांडीज ने समाज के गरीब और शोषित वर्गों को अधिकार सम्‍पन्‍न बनाने के लिए अथक रूप से कार्य किया। वह लोकतंत्र के मसीहा थे और उन्‍होंने आपातकाल लागू करने का विरोध किया था। वह एक कुशल प्रशासक थे और केन्‍द्रीय मंत्री के रूप में महत्‍वपूर्ण पदों पर रहे।

दु:ख की इस घड़ी में मैं संवेदना व्‍यक्‍त करता हूं और ईश्‍वर से प्रार्थना करता हूं कि वह शोक संतप्‍त परिवार के सदस्‍यों, मित्रों और उनके अनुयायियों को हिम्‍मत और मजबूती प्रदान करे।’