आधिकारिक बुलेटिन -1 (25-July-2020)
हरियाणा चौथे खेलो इंडिया युवा खेलों की मेजबानी करेगा
(Haryana to host the 4th edition of Khelo India Youth Games)

Posted on July 26th, 2020 | Create PDF File

hlhiuj

केन्द्रीय युवा मामलों एवं खेल मंत्री श्री किरेन रिजिजू और हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने आज चौथे खेलो इंडिया युवा खेलों की घोषणा करते हुए कहा कि यह खेल हरियाणा में आयोजित किए जाएंगे। इन खेलों का आयोजन अगले वर्ष टोक्यो ओलंपिक के बाद होगा। ये खेल हरियाणा के पंचकूला में होंगे। इसकी घोषणा 25 जुलाई शनिवार के दिन हरियाणा के खेल मंत्री श्री संदीप सिंह, खेल सचिव श्री रवि मित्तल और भारतीय खेल प्राधिकरण के महानिदेशक श्री संदीप प्रधान की उपस्थिति में वीडियों कांफ्रेंसिंग के जरिए हुई।

 

खेल मंत्री श्री रिजिजू ने हरियाणा में केआईवाईजी के अगले संस्करण की मेजबानी के बारे में बोलते हुए कहा, “मुझे हरियाणा को खेलो इंडिया युवा खेलों के चौथे संस्करण के लिए मेजबान राज्य के रूप में घोषित करते हुए बहुत खुशी हो रही है। हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा परिकल्पित खेलो इंडिया युवा खेलों के जरिए देश भर से जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को तलाशने में बड़ी सहायता मिली है, जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। केआईवाईजी खेल का महाकुंभ है। हरियाणा में पहले से ही एक बहुत मजबूत खेल संस्कृति है और इसने देश को कुछ सर्वश्रेष्ठ एथलीट दिए हैं। मुझे यकीन है कि राज्य में खेलों की मेजबानी के साथ, हरियाणा के अधिक से अधिक महत्वाकांक्षी एथलीटों को प्रतिस्पर्धात्मक खेल अपनाने के लिए प्रेरित करेगा। आमतौर पर खेलो इंडिया युवा खेल प्रत्येक वर्ष जनवरी में होते रहे हैं। लेकिन,इस बार कोविड-19 महामारी के कारण, हमें इसे स्थगित करना पड़ रहा है। हालाँकि, मुझे यकीन है कि जब तक हम इस खेल की मेजबानी करेंगे, महामारी समाप्त हो जाएगी और हम सभी राज्यों की भागीदारी और 10,000 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी से हम इन खेलों को पहले की तरह आयोजित कर पाएंगे।”

 

 

पिछले संस्करणों की तरह, इस बार भी, स्टार स्पोर्ट्स खेलो इंडिया युवा खेलों का आधिकारिक प्रसारण भागीदार होगा। खेल मंत्री ने साझेदारी के बारे में बात करते हुए कहा, “स्टार स्पोर्ट्स ने खेलो इंडिया युवा खेलों को देश के खेल कैलेंडर में एक वार्षिक कार्यक्रम के रूप में शामिल किया है। जब एक युवा एथलीट खुद को राष्ट्रीय टेलीविजन चैनल पर देखता है, तो यह न केवल उस एथलीट को प्रेरित करता है, बल्कि अन्य युवाओं को भी खेल को एक गंभीर करियर के रूप में लेने के लिए यह प्रसारण प्रेरित भी करता है। मैं बहुत खुश हूं कि यह साझेदारी इस बार भी जारी है।”

 

 

घोषणा के दौरान, हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा, “एक राज्य के रूप में हरियाणा ने हमेशा खेलों को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया है और इन एथलीटों का समर्थन किया है। हरियाणा में खेलो इंडिया युवा खेलों की मेजबानी केवल एक मजबूत खेल पारिस्थितिकी तंत्र बनाने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता में और अधिक वृद्धि लाएगा। हरियाणा ने खेलो इंडिया युवा खेलों के पिछले कुछ संस्करणों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और हमारे कई एथलीट पहले से ही खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षण ले रहे हैं। मुझे विश्वास है कि खेलों का आगामी संस्करण और भी भव्य होगा, और मैं आप सभी का खेलो इंडिया युवा खेलों, हरियाणा में स्वागत करता हूं। पंचकूला में खेलो इंडिया युवा खेलों जैसे वृहत खेल कार्यक्रम की मेजबानी करने के लिए सबसे अच्छा खेल अवसंरचना उपलब्ध है और बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के लिए रहने की पर्याप्त व्यवस्था भी है।"

 

 

हरियाणा ने खेलो इंडिया युवा खेलों के तीनों संस्करणों में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। यह राज्य 2019 और 2020 में (2020 में 200 पदकों और 2019 में 159 पदकों के साथ) दोनों वर्ष में दूसरे स्थान पर आए, वहीं 2018 में 102 पदक (38 स्वर्ण, 26 रजत, 38 कांस्य) जीता।

 

हरियाणा राज्य से कई विशिष्ट एथलीट निकले हैं, जिनमें प्रमुख हैं-पहलवान योगेश्वर दत्त, बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक, और विनेश फोगाट, पैरा-एथलीट दीपा मलिक, एथलीट नीरज चोपड़ा, मुक्केबाज अमित पंघाल और निशानेबाज संजीव राजपूत, मनु भाकर, अनीश भानवाला, सहित कई अन्य खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीते हैं।