पर्यावरण एवं पारिस्थितिकी समसामयिकी 1 (18-September-2021)अर्थशॉट पुरस्कार 2021(Earthshot Prize 2021)
Posted on September 19th, 2021 | Create PDF File
हाल ही में, 15 फाइनलिस्टों में से दो भारतीयों (विनिशा और विद्युत) को लंदन में आयोजित होने वाले पहले अर्थशॉट पुरस्कार 2021 के लिये चुना गया है।
तमिलनाडु की एक 14 वर्षीय स्कूली छात्रा द्वारा निर्मित सौर ऊर्जा से चलने वाली आयरनिंग कार्ट (Solar-Powered Ironing Cart) और दिल्ली के उद्यमी की कृषि अपशिष्ट पुनर्चक्रण अवधारणा का नाम फाइनल में है।
अर्थशॉट पुरस्कार 2021 के बारे में :
यह पुरस्कार ब्रिटेन के प्रिंस विलियम द्वारा अक्तूबर 2020 में पृथ्वी पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं के प्रेरक और नवीन समाधानों की खोज के लिये शुरू किया गया था।
अर्थशॉट पुरस्कार, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ. केनेडी (John F. Kennedy) द्वारा शुरू किये गए ‘मूनशॉट पुरस्कार’ से प्रेरित है जिसके परिणामस्वरूप यूएस अपोलो लूनर (US Apollo lunar) लॉन्च हुआ और वर्ष 1969 में चंद्रमा पर पहले व्यक्ति ने कदम रखा।
थीम :
अर्थशॉट पुरस्कार पृथ्वी के लिये साधारण किंतु महत्त्वाकांक्षी लक्ष्यों में से पाँच ‘अर्थशॉट्स’ (Earthshots) के आसपास केंद्रित है जिनके लक्ष्य को यदि वर्ष 2030 तक हासिल कर लिया जाता है तो आने वाली पीढ़ियों के साथ-साथ वर्तमान पीढ़ी के जीवन में सुधार होगा।
पाँच ‘अर्थशॉट्स’ (Earthshots) निम्नलिखित हैं :
प्रकृति की रक्षा एवं पुनर्स्थापना।
स्वच्छ वायु।
महासागरों को पुनर्जीवित करना।
अपशिष्ट मुक्त दुनिया का निर्माण।
जलवायु को ठीक करना।
पुरस्कार समारोह :
वर्ष 2021 से वर्ष 2030 के बीच प्रत्येक वर्ष दुनिया भर के विभिन्न शहरों में एक पुरस्कार समारोह होगा, जिसमें 15 फाइनलिस्ट में से पाँच विजेताओं (प्रत्येक अर्थशॉट्स के लिये एक) का चयन किया जाएगा।
विजेताओं को लाभ :
पुरस्कारों के बाद, प्रत्येक विजेता को एक वैश्विक मंच और प्रतिष्ठित पार्श्वचित्र/प्रोफ़ाइल(Prestigious Profile) प्राप्त होगी, जिसमें उनकी कहानियों को इस महत्वाकांक्षा के साथ प्रदर्शित किया जाएगा कि उनके द्वारा प्रस्तुत समाधानों को बड़े पैमाने पर अपनाया जाएगा।
विजेता की सहमति के साथ पुरस्कार राशि में प्राप्त 1 मिलियन पाउंड राशि का उपयोग पर्यावरण और संरक्षण परियोजनाओं के समर्थन हेतु किया जाएगा।
पात्रता :
यह पुरस्कार व्यक्तियों, वैज्ञानिकों, कार्यकर्त्ताओं, अर्थशास्त्रियों, सामुदायिक परियोजनाओं, नेताओं, सरकारों, बैंकों, व्यवसायों, शहरों एवं देशों की एक विस्तृत शृंखला को प्रदान किया जा सकता है जिन्होंने अर्थशॉट्स के समाधान में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया है।
पुरस्कार प्रबंधन :
पुरस्कार परिषद के अलावा, अर्थशॉट पुरस्कार को इसके ग्लोबल अलायंस द्वारा समर्थित किया जाता है, जो दुनिया भर में संगठनों का एक नेटवर्क है जो पृथ्वी की पुनर्बहाली के लिये पुरस्कार की महत्वाकांक्षा को साझा करता है।