आकाशवाणी सार (21-Aug-2019) AIR News Gist
Posted on August 21st, 2019 | Create PDF File
मुख्य समाचार-
*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन से लंदन में भारतीय उच्चायोग के बाहर भारतीय मूल के सदस्यों के प्रति हिंसा पर चिंता व्यक्त की। बोरिस जॉनसन ने आश्वासन दिया कि उच्चायोग के कर्मियों की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
*प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जाम्बिया के राष्ट्रपति के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद दोनों देशों ने छह समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
*उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मंत्रिमण्डल का विस्तार किया।
*जम्मू कश्मीर में बारामूला जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया।
*जम्मू और कश्मीर में अस्पताल, बैंक और स्कूल सुचारू रूप से काम कर रहे हैं। उपस्थिति में आगे सुधार की उम्मीद।
*भारत और रूस ने एक दूसरे की संप्रभुता और तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप नहीं करने के लिए आपसी समर्थन को दोहराया।
*उच्चतम न्यायालय आई. एन. एक्स. मीडिया घोटाले में कांग्रेस नेता पी. चिदम्बरम की याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई करेगा।
*आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अब तक लगभग चालीस लाख लोगों ने नगदीरहित उपचार कराया।
*भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन- इसरो ने चन्द्रयान-2 को चन्द्रमा की दूसरी कक्षा में भेजने की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की।
*तोक्यो में भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने ओलिम्पिक टेस्ट इवेंट का फाइनल जीता।
समाचार विस्तार से-
*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के साथ टेलीफोन पर बातचीत की, जिसमें उन्होंने लंदन में भारतीय उच्चायोग के बाहर स्वतंत्रता दिवस समारोह मना रहे भारतीय मूल के सदस्यों के प्रति हिंसा का मुद्दा उठाया।
प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी बयान के अनुसार श्री मोदी ने श्री जॉनसन का ध्यान निहित स्वार्थी तत्वों द्वारा उत्पन्न चुनौती की तरफ आकर्षित किया, जो हिंसा सहित अपने दुष्प्रेरित एजेंडा पर अमल करने पर लगे रहते हैं। बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री जॉनसन ने इस घटना पर खेद व्यक्त किया और आश्वासन दिया कि सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भारतीय उच्चायोग, उसके कार्मिकों और वहां आने जाने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
15 अगस्त के दिन भारतीय उच्चायोग के बाहर हजारों की संख्या में पूर्व नियोजित प्रदर्शनकारियों और उनके विरोधियों के बीच झड़पों में हिंसा हुई।
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि आतंकवाद भारत और यूरोप सहित विश्व के सभी हिस्सों में फैल रहा है। उन्होंने कट्टरपंथ, हिंसा और असहिष्णुता द्वारा उत्पन्न खतरों से कारगर ढंग से निपटने की आवश्यकता पर बल दिया।
....................
*जम्मू-कश्मीर सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के विधिवत गठन की प्रक्रिया तय करने के लिए तीन उच्चस्तरीय समितियों का गठन किया है। ये समितियां केंद्र शासित प्रदेशों की गठन की प्रक्रिया के तौर-तरीके तैयार करेंगी। समितियां दोनों प्रस्तावित केंद्र शासित प्रदेशों के वित्तीय और कर्मचारियों से संबंधित मामलों पर भी विचार करेंगी।
....................
*भारतीय शल्य चिकित्सा संघ ने ब्रिटेन के मेडिकल जर्नल द लैंसेट के कश्मीर पर लिखे सम्पादकीय की निंदा करते हुए इसे बेबुनियाद और पूर्वाग्रह ग्रस्त बताया है। चिकित्सा संघ ने पत्रिका के सम्पादकीय मंडल से माफी मांगने और ऑनलाइन प्रति से इसे तुरंत हटाने को कहा है। चिकित्सा संघ के निवर्तमान अध्यक्ष अरविंद कुमार और नव-निर्वाचित अध्यक्ष रघुराम ने पत्रिका के मुख्य सम्पादक को लिखे पत्र में कहा है कि कथित सम्पादकीय राजनीति से प्रेरित और तथ्यहीन हैं।
....................
*कर्नाटक सरकार ने केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो को करोड़ों रुपए की पोंजी योजना आई मॉनेटरी एडवाइजरी-आई.एम.ए. और इसकी शाखा कंपनियों की जांच का जिम्मा सौंपा है। इन कंपनियों पर एक लाख से अधिक लोगों के साथ धोखाधड़ी का आरोप है। राज्य सरकार के आदेश में कहा गया है कि सी.बी.आई. आई.एम.ए. शाखा कंपनियों के खिलाफ दर्ज सभी मामलों की जांच करेगी।
....................
*एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाने के लिए, स्वच्छ भारत मिशन की तरह, राष्ट्रव्यापी आंदोलन इस वर्ष दो अक्तूबर से शुरू किये जाने की आशा है।
महाराष्ट्र सरकार ने पहले से ही प्लास्टिक और थर्माकोल पर पाबंदी लागू कर उदाहरण पेश किया है।
इस साल स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से प्लास्टिक का उपयोग न करने की गुहार लगाई। महाराष्ट्र में पिछले साल से ही सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। प्लास्टिक के कारण पर्यावरण पर होने वाले दुष्परिणाम के बारे में जानने के लिए हमने श्री कोस्तुक तमहनकर से बात की जो अपने घर से निकले हर प्रकार के कूड़े-कचरे को रिसाइकिल करते हैं।
ये प्लास्टिक विनाश नहीं होता है। अगर हमने ये रिसाइकिल नहीं किया तो सालो-साल ये प्लास्टिक हमारे साथ रहने वाला है। ये समुद्र में जाएगा, जमीन में जाएगा और हमारे अन्न में जाएगा हमारे पानी में जाएगा और फाइनली हमको ही तकलीफ होने वाली है इसलिए ये प्लास्टिक को बैन करना अभी बहुत जरूरी है।
महाराष्ट्र सरकार के अनुसार राज्य में प्लास्टिक से जुड़े कचरे के उत्पादन में लगभग 50 प्रतिशत की कमी आई है। अब अपेक्षा यहीं है कि अधिक से अधिक नागरिक न केवल प्लास्टिक का उपयोग बंद करेंगे बल्कि प्लास्टिक के निपटान के बारे में भी गम्भीर होंगे। प्रार्थना के साथ निशा रानी आकाशवाणी समाचार मुम्बई।
....................
*प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि जाम्बिया के राष्ट्रपति एडगर छागवा लुंगू की भारत यात्रा से दोनों देशों के बीच लम्बे समय से चले आ रहे संबंध प्रगाढ़ होंगे। नई दिल्ली में जाम्बिया के राष्ट्रपति के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि दोनों देश स्वास्थ्य देखभाल, पर्यटन, खाद्य प्रसंस्करण, खनन और कृषि के क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ाएंगे।
मुझे ये सूचित करते हुए खुशी हो रही है कि भारत सरकार जाम्बिया में एक इनक्यूबेशन सेंटर को स्थापित करने में सहयोग करेगी। इसके अतिरिक्त भारत कृषि को बढ़ावा देने के लिए 100 सौलर इरीगेशन पंप उपलब्ध करायेगा। हम जाम्बिया को 1000 टन चावल और 100 टन मिल्क पाउडर भेजेंगे।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि जाम्बिया के राष्ट्रपति लुंगू की यह यात्रा जाम्बिया के साथ भारत के सहयोग को और मजबूत करेगी।
प्रजिडेंट लुंगुं और मैंने अपने संबंधों के सभी पहलुओं पर उपयोगी चर्चा की है। हम इस बात पर सहमत हैं कि ट्रेड बॉस्केट में विविधता और निवेश संबंधों को और आगे बढ़ाने से दोनों देशों को लाभ होगा।
जाम्बिया के राष्ट्रपति लुंगू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी बातचीत रचनात्मक रही। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भारत की और कंपनियां जाम्बिया में निवेश करेंगी। उन्होंने भारत के साथ संबंधों को बढ़ाने की जाम्बिया सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
भारत और जाम्बिया ने खनिज संसाधनों, रक्षा, कला और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों के छह समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किये। रक्षा सहयोग के समझौता ज्ञापन को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा---
डिफेंस कार्पोरेशन पर आज एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर हुए हैं। यह रक्षा के क्षेत्र में एक्चेंजिस को बढ़ायेगा और डिफेंस कार्पोरेशन को और मजबूत करेगा। जाम्बियन आर्म्स फोर्सिस की क्षमताओं को बढ़ाने में सहायता के लिए इंडियन मिलिट्री और एयरफोर्स ट्रेनिंग टीम जाम्बिया में तैनात की जायेगी। भारत-जाम्बिया एयरफोर्स ब्रिज पर पांच फायर टैंडर तैनात करेगा।
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जाम्बिया के राष्ट्रपति एडगर छागवा लुंगू के साथ प्रतिनिधिमण्डल स्तर की वार्ता की। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की।
राष्ट्रपति लुंगू तीन दिन की भारत यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचे थे।
---
*बंगलादेश ने कहा है कि अनुच्छेद-370 को समाप्त करना भारत का अंदरूनी मामला है। एक बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा है कि विकास के साथ क्षेत्रीय स्थिरता और शांति बनाए रखना सभी देशों की प्राथमिकता है। एक रिपोर्ट
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय द्वारा दिया गया बयान भारत के दृष्टिकोण की पुष्टि करता है। बांग्लादेश सरकार का यह बयान ठीक उस दिन आया है जब भारत के विदेश मंत्री बांग्लादेश की यात्रा पूरी कर काठमांडू के लिए रवाना हुए। बांग्लादेश सरकार का यह बयान जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर भारत को मिल रहे व्यापक अंतर्राष्ट्रीय समर्थन को दर्शाता है। राजनयिक स्तर पर यह भारत के नजरिये को पुष्ट करता है और एक दोस्त के तौर पर बांग्लादेश को और भी मजबूती से स्थापित करता है। इस बयान से पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर और भी अलग-थलग होता दिखाई देता है जो जम्मू-कश्मीर में धारा-370 को हटाये जाने के मुद्दे को हवा देने की पुरजोर कोशिश कर रहा है। राजेश झा, आकाशवाणी समाचार, ढाका।
बंगलादेश ने इस मुद्दे पर तनाव पैदा करने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। देश की रैपिड एक्शन बटालियन पुलिस फोर्स ने नौ अगस्त को एक चेतावनी जारी कर कहा था कि कश्मीर मुद्दे पर बंगलादेश में हिंसा भड़काने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाये जाएंगे।
---
*उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपने मंत्रिमण्डल का विस्तार किया। वर्ष 2017 में सत्ता में आने के बाद आदित्यनाथ के मंत्रिमंउल का यह पहला विस्तार है।
कई दिनों से चल रहे कयासों पर विराम लगाते हुए आज राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने राजभवन में 23 नये मंत्रियों को शपथ दिलाई। इनमें से 18 नये चेहरे हैं। छह को कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गईं जिन नये मंत्रियों को शपथ दिलाई गई उनमें दो महिलाएं शामिल हैं। चार मंत्रियों की कैबिनेट मंत्रियों के रूप में प्रोन्नति हुई। जिनको प्रोन्नत किया गया है वे हैं - डॉ. महेन्द्र सिंह, भूपेन सिंह चौधरी, सुरेश राणा और अनिल राजभर। अब योगी मंत्रिमंडल की संख्या बढ़कर 56 हो गई है।
---
*मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने नई दिल्ली में प्रधानाचार्य और अध्यापकों के समग्र विकास के लिए अध्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम-निष्ठा की शुरूआत की। इस एकीकृत कार्यक्रम का उद्देश्य लगभग 42 लाख प्रतिभागियों की क्षमता बढ़ाना है।
---
*केन्द्रीय श्रम और रोजगार मंत्री संतोष गंगवार ने कहा है कि सरकार देश के प्रत्येक जिले में ई एस आई अस्पताल बनाने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देशभर में साढे चार सौ ई एस आई अस्पताल हैं और बाकी जिलों में भी ऐसे अस्पताल शीघ्र ही खोले जाने की योजना है। आज हैदराबाद में एक नये ओ पी डी भवन की आधारशिला और ई एस आई मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों को लोकार्पण करते हुए उन्होंने यह बात कही। संतोष गंगवार ने तेलंगाना में ई एस आई अस्पतालों के मजबूत बनाने और इस प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए राज्य सरकार को हर सहयोग देने का आश्वासन दिया।
---
*जम्मू कश्मीर में बारामूला जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा का एक आतंकवादी मारा गया। पुलिस ने बताया कि मारे गये आतंकवादी की पहचान बारामूला निवासी मोमिन गोजरी के रूप में हुई है। जम्मू कश्मीर पुलिस के एक विशेष पुलिस अधिकारी बिलाल अहमद भी इस मुठभेड में शहीद हो गये।
आतंकवादियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद गनी-हमाम इलाके में नाकेबंदी करके चलाये गये तलाशी अभियान के दौरान ये मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ स्थल से हथियार और गोला बारूद के अलावा कुछ अन्य सामान भी बरामद हुआ है।
---
*मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर का आज सुबह भोपाल में निधन हो गया। वे नवासी वर्ष के थे। उन्हें रक्त दवाब कम होने पर गंभीर अवस्था में सात अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
बाबूलाल गौर का जन्म दो जून 1930 को उत्तरप्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में हुआ था। वे भाजपा के अकेले नेता रहे हैं जिन्होंने मध्यप्रदेश विधानसभा के लगातार 10 चुनाव जीते। श्री गौर ने 2004 में उमा भारती के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद प्रदेश की कमान संभाली थी। 23 अगस्त 2004 से 29 नवंबर 2005 तक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर सत्ता में आई और उन्हें मंत्री बनाया गया। राजनीति में आने से पहले श्री गौर ने भोपाल की कपड़ा मील में मजदूरी की थी। वे भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक सदस्य भी थे। 1974 में मध्यप्रदेश शासन द्वारा उन्हें गोवा मुक्ति आंदोलन में शामिल होने के कारण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का सम्मान भी प्रदान किया गया था। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बाबूलाल गौर ने दशकों तक लोगों की सेवा की।
---
*उत्तराखण्ड में भारी वर्षा से प्रभावित उत्तरकाशी जिले में राहत और बचाव कार्य में लगा एक हैलीकॉप्टर आज दुर्घटनाग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने बताया कि इस हैलीकॉप्टर में चालक दल के दो सदस्य और एक स्थानीय व्यक्ति सवार था। इन लोगों का अभी तक पता नहीं चला है।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है।
---
*हिमाचल प्रदेश में कुल्लू जिले में हुए हाल के भूस्खनल से मनाली-लेह राजमार्ग पर यातायात बाधित हुआ है। पुलिस ने बताया कि आज साढ़े 11 बजे इस मार्ग पर मनाली और रोहतांग के बीच भू-स्खलन हुआ। यह मार्ग कल ही यातायात के लिए खोला गया था।
---
*जम्मू-कश्मीर की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और घाटी से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। राज्य में अस्पताल, बैंक और स्कूल सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं। श्रीनगर में पुलिस महानिरीक्षक वी. के. बिर्दी तथा कश्मीर क्षेत्र के स्कूल शिक्षा निदेशक के साथ मीडिया से बातचीत में सूचना और जनसंपर्क निदेशक सैयद सैहरीश असगर ने कहा कि जम्मू-डिवीजन में कानून व्यवस्था बिगड़ने की कोई खबर नही है और वहां सभी विद्यालय और शैक्षणिक संस्थानों में सामान्य रूप से पढ़ाई हुई। हालांकि कश्मीर घाटी से कुछ छिटपुट घटनाओं की खबर है जिसे स्थानीय रूप से निपटा लिया गया है। घाटी में आज 747 मिडिल स्कूल खुले थे। कश्मीर घाटी के कुछ दक्षिणी इलाकों में छात्रों की उपस्थिति बहुत कम रही जबकि उत्तरी इलाकों में उपस्थिति 50 प्रतिशत तक थी। डाक्टर सैयद सैहरीश असगर ने बताया कि श्रीनगर में कुछ निजी स्कूलों में प्राथमिक कक्षाएं शुरू की। घाटी में आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार हैं तथा अस्पताल और बैंकों ने सुचारु रूप से कामकाज करना शुरू कर दिया है। सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति 70 से 90 प्रतिशत रहीं। उपस्थिति में आगे भी सुधार की उम्मीद है।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने आज बारामूला, हंदवाड़ा, सोपोर में कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस महानिदेशक दिलबाग सिंह ने कहा कि कश्मीर घाटी में आम लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने और कानून व्यवस्था की स्थिति में हर प्रकार से सुधार लाने के लिए सभी आवश्यक एवं प्रभावशाली उपाय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोगों में तनाव पैदा करने और शांति में खलल डालने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने लोगों से भी अनुरोध किया कि हालात खराब करने के लिए कुछ स्वार्थी तत्वों की ओर से फैलाई जाने वाली अफवाहों की ओर वो किसी भी प्रकार से ध्यान न दें। पुलिस महानिदेशक ने उत्तरी कश्मीर के जिलों के अपने दिन भर के दौरे के दौरान पुलिस अधिकारियों और पुलिस कर्मियों के साथ भी बातचीत की और उन्हें निर्देश दिया कि पूरी तरह वो चौकस रहें।
-----------------------
*भारत और रूस ने एक दूसरे की क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता का सम्मान तथा किसी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप न करने की नीति के प्रति अपना समर्थन दोहराया है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और रूस के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाकार निकोलाई पत्रुशेफ ने आज मास्को में क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर बातचीत की और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में सहयोग की पुष्टि की। विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि भारत और रूस में दोनों देशों की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के बीच द्विपक्षीय सहयोग के बारे में भी चर्चा की गई। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार श्री डोभाल और रूस के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पत्रुशेफ ने अगले महीने के शुरू में व्लादिवोस्तक में पूर्वी आर्थिक मंच की बैठक में प्रधानमत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे की तैयारियों की समीक्षा की। अजीत डोभाल ने रूस की अंतरिक्ष एजेंसी रॉसकॉसमॉस के निदेशक से मुलाकात की और भारत के गगनयान कार्यक्रम में सहयोग के बारे में भी चर्चा की।
-----------------------
*प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना-आयुष्मान भारत के तहत अब तक लगभग 40 लाख लोगों का गंभीर बीमारी के लिए ईलाज हुआ है। इस पर छह हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च हुई है। इससे लाभार्थी परिवारों की 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक राशि की बचत हुई है। स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने एक उच्चस्तरीय बैठक में इस योजना की समीक्षा के दौरान यह बात कही। इस अवसर पर उन्होंने आयुष्मान भारत योजना से संबद्ध शिकायत पोर्टल की भी शुरुआत की। इस ऑन लाइन पोर्टल पर लोग अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं और सहायता भी प्राप्त कर सकते हैं। डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि 23 सितम्बर आयुष्मान भारत दिवस के रुप में मनाया जायेगा।
-----------------------
*भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो ने चन्द्रयान 2 को चन्द्रमा की अगली कक्षा में पहुंचा दिया है। इसरो ने आज दिन में 12 बजकर 50 मिनट पर चन्द्रयान-2 को अगली कक्षा में भेजने की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की। इस समय यह चन्द्रमा के निकटतम 118 और अधिकतम चार हजार 412 किलोमीटर की कक्षा में परिक्रमा कर रहा है। इस यान ने कल चन्द्रमा की कक्षा में प्रवेश किया था। इसे अब धीरे-धीरे चन्द्रमा के और नजदीक लाने के प्रयास किये जा रहे हैं। भारतीय अंतरिक्ष एजेंसी इसरो इस महीने की 28, 30 तारीख और पहली सितंबर को चन्द्रयान-2 को अगली कक्षा में ले जाने की प्रक्रिया करेगा। चन्द्रयान-2 का लैंड़र विक्रम सात सितंबर को चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरेगा।
-----------------------
*भारतीय पुरूष और महिला हाकी टीम ने तोक्यो में ओलंपिक टेस्ट टूर्नामेंट जीत लिया है। आज फाइनल में महिला टीम ने जापान को 2-1 से हराया। नवजोत कौर और लालरेमसियामी ने गोल किये। इससे पहले भारतीय पुरूष हाकी टीम ने फाइनल में न्यूजीलैंड को 5-0 से हराया।
-----------------------
*पी वी सिंधू विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। आज दूसरे दौर में उन्होंने चीनी ताइपे की पाई यू पो को 21-14, 21-15 से हराया। आज ही सायना नेहवाल और किदाम्बी श्रीकांत सिंगल्स के दूसरे दौर में अपने-अपने मुकाबले खेलेंगे। डबल्स में चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज रेंकी रेड्डी प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। दूसरे दौर में उन्हें बाई मिली है।
-----------------------
*घरेलू शेयर बाजार में लगातार दूसरे सत्र में आज बिकवाली तेज रही। बोम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स कारोबार के अंत में 268 अंक घटकर 37 हजार 60 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 98 अंक कम होकर 10 हजार 919 दर्ज हुआ। अंतर बैंकिंग विदेशी मुद्रा बाजार में एक डॉलर की तुलना में रुपया 16 पैसे मजबूत होकर 71 रुपए 55 पैसे के स्तर पर पहुंच गया।
-----------------------
*प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन देशों फ्रांस, बहरीन और संयुक्त अरब अमारात की यात्रा पर रवाना होंगे। अपनी यात्रा के पहले चरण में श्री मोदी पहले फ्रांस की राजधानी पेरिस जाएंगे। श्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। उनका 23 अगस्त को फ्रांस के प्रधानमंत्री के साथ बातचीत करने का भी कार्यक्रम है।
-----------------------
*केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने एन डी टी वी के प्रमोटर प्रनोय रॉय, उनकी पत्नी राधिका रॉय और अन्य पर प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के नियमों के उल्लंघन के आरोप में मामला दर्ज किया है। सरकारी सूत्रों ने बताया है कि सीबीआई ने एन डी टी वी मीडिया के पूर्व अधिकारी विक्रमादित्य चन्द्रा पर धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के मामले भी दर्ज किये हैं। इन पर आरोप है कि विदेशों में 32 सहयोगी कंपनियों के जरिये विदेशी मुद्रा का अवैध ढंग से अंतरण किया गया।
-----------------------
समाचार पत्रों की सुर्खियों से-
*कश्मीर पर भारत के खिलाफ बयानबाजी को लेकर अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की पाकिस्तान को कड़ी हिदायत कि संभलकर बोलें इमरान, आज प्रकाशित अखबारों की बड़ी सुर्खी है।
*आईएनएक्स मीडिया मामले में पूर्व वित्तमंत्री पी चिदम्बरम की मुश्किलें बढ़ने को लगभग सभी अखबारों ने विस्तार से दिया है। दैनिक भास्कर ने सबसे ऊपर बड़े अक्षरों में लिखा है-सीबीआई ईडी घर पहुंचे, रात साढ़े 11 बजे नोटिस चस्पा दो घंटे में हाजिर हों।
*चांद की कक्षा में पहुंचा चन्द्रयान, अब लक्ष्य से सिर्फ सौ किलोमीटर दूर, 7 सितम्बर को चांद की सतह पर उतरेगा-अखबारों ने विस्तार से इस खबर पर जानकारी से भरे समाचार दिये हैं।
*उत्तरप्रदेश मंत्रिमण्डल का पहला विस्तार आज होने पर भी अखबारों की नजर है।
*दैनिक भास्कर लिखता है-प्रधानमंत्री के प्लास्टिक बंद के आह्वान के बाद संसद भवन में सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।