आकाशवाणी सार (16-July-2019) AIR News Gist
Posted on July 16th, 2019 | Create PDF File
मुख्य समाचार-
*तमिलनाडु में आतंकी गुट बनाने के आरोप में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने 14 लोगों को गिरफ्तार किया।
*बाढ़ग्रस्त असम और बिहार में बचाव और राहत कार्य तेज।
*पाकिस्तान ने सभी नागरिक उड़ानों के लिए अपना वायुक्षेत्र खोला।
*भारत ने जर्मनी के सुहल में आई एस एस एफ जूनियर निशानेबाजी विश्व कप में दो स्वर्ण पदक जीते।
*मुम्बई में चार मंजिला इमारत ढही। 40 से अधिक लोगों के दबे होने की आशंका।
*भारत नेट कार्यक्रम के अन्तर्गत एक लाख 28 हजार से अधिक ग्राम पंचायतें ऑप्टिकल फाइबर से जुड़ी।
*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा--भारत 2025 तक तपेदिक मुक्त होगा। उन्होंने सांसदों से राजनीति की बजाय जनहित में कार्य करने को कहा।
*जर्मनी में, आई०एस०एस०एफ० जूनियर विश्वकप निशानेबाजी में विजयवीर सिद्धू ने तीसरा स्वर्ण पदक जीता।
समाचार विस्तार से-
*राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए ने आंतकी गुट बनाने के आरोप में तमिलनाडु से चौदह लोगों को गिरफ्तार किया है। सऊदी अरब से भेजे जाने के बाद एनआईए ने उन्हें गिरफ्तार किया और कल चेन्नई के निकट पोनमल्ली में विशेष न्यायाधीश सेंथुर पाण्डियन के समक्ष पेश किया। अदालत ने इन्हें इस महीने की 25 तारीख तक राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण की हिरासत में भेज दिया है।
एनआईए की कार्रवाई तमिलनाडु में आतंकी गतिविधियों से जुड़े गुटों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई है। नागापट्टिनम में तलाशी के बाद और चेन्नई में कट्टरपंथी गुट अन्सारूल्ला का पता लगने के बाद शनिवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। ताजा मामलों में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर आतंकी गुटों को समर्थन देने के लिए खाड़ी के देशों से धन जुटाने का आरोप है। मामले में आगे की जांच होने से कुछ और ब्यौरा मिलने की उम्मीद है।
-------
*उच्चतम न्यायालय ने अपराधियों के खिलाफ प्रभावी और जल्द अभियोजन चलाने के लिए बच्चों पर यौन शोषण से संबंधित आंकड़े जुटाने के बारे में दस दिन का राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया है। न्यायालय ने पिछले सप्ताह बच्चों के खिलाफ दुष्कर्म की बढ़ती घटनाओं पर संज्ञान लिया था और कहा था कि वह इस बारे में राष्ट्रीय स्तर पर स्पष्ट प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने का आदेश पारित करेगा। प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता में एक पीठ ने कल इस मुद्दे से निपटने के लिए किए जाने वाले संभावित उपायों पर विचार-विमर्श किया और प्रत्येक जिले में बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम- पॉक्सो के अंतर्गत लंबित मामलों की संख्या के बारे में रिपोर्ट देने को कहा।
-------
*असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्य के 33 जिलों में से 30 जिले बाढ़ के पानी में डूब गए हैं, जिससे लगभग 43 लाख लोग प्रभावित हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान चार लोगों की मौत के बाद बाढ़ से मरने वालों की संख्या 15 हो गई है। काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का 90 प्रतिशत हिस्सा जलमग्न हो गया है। विभिन्न संस्थाओं द्वारा राहत और बचाव कार्य चलाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सर्बानन्द सोनोवाल ने नलबाड़ी और बारपेटा जिले का दौरा कर स्थिति की समीक्षा की। केंद्रीय जल शक्तिमंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत आज ऊपरी असम क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण करेंगे और गुवाहाटी में मंत्रियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
पिछले कई दिन से पूर्वोत्तर के कई राज्य बाढ़ की विभीषिका का सामना कर रहे हैं।
लगभग एक लाख 50 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि, मछली पालन क्षेत्र, सड़क, पुल, वन्य जीव, शैक्षिक संस्थान और आवासीय इलाकों को नुकसान पहुंचा है। नलवाड़ी जिला प्रशासन ने बीते रात सैकड़ों लोगों को सुरक्षित निकाला। विस्थापितों के लिए विभिन्न जिलों में राहत शिविर लगाये गये हैं और खाने पीने का समान बांट रहे है। राष्ट्रीय और राज्य आपदा मोचन बल के साथ सेना को भी राहत और बचाव कार्य में लगाए गये हैं।
उधर, बिहार में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। राज्य के 12 जिलों में 25 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। बागमती, कमलाबलान और महानंदा सहित कई नदियां विभिन्न स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया।
बाढ़ प्रभावित इलाकों में 196 राहत शिविर और 644 सामुदायिक रसोईघर खोले गये हैं। एक लाख से अधिक लोग शिविरों में शरण लिए हुए हैं। पूर्वी चम्पारण में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 28 और अररिया में अररिया गलगलिया खंड पर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 387 कई स्थानों पर टूट गया है जिससे आवाजाही बाधित है।
-------
*असम और बिहार सहित देश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की 119 टीम लगाई गई हैं। इन राज्यों में बाढ़ की स्थिति पर नजर रखने के लिए दिल्ली में सातों दिन 24 घंटे काम करने के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। आकाशवाणी से बातचीत में राष्ट्रीय आपदा बल के महानिदेशक एस एन प्रधान ने कहा कि एनडीआऱएफ टीमें राहत और बचाव कार्य में स्थानीय प्रशासन की मदद के लिए लगाई गई हैं।
असम और बिहार में ज्यादा टीमें दी गई हैं एनडीआरएफ की। बिहार में 19 टीमें हैं डिप्लॉयड और दो टीम स्टैंडबाई में हैं और असम में 14 टीमें एनडीआरएफ की हैं और 4 टीमें स्टैंडबाई में हैं। दोनों ही राज्यों में लगभग सात-सात जिलों में बाढ़ का कहर ज्यादा माना गया है, लेकिन जो रेस्क्यू ऑपरेशंस हुए हैं लगभग दोनों राज्य मिलाकर छह हजार से सात हजार के बीच में लोगों को रेस्क्यू किया गया है।
-------
*पाकिस्तान ने आज सुबह अपने वायुक्षेत्र को सभी नागरिक उड़ानों के लिए खोल दिया है। भारतीय उड़ानों पर लगा प्रतिबंध भी हटा दिया गया है। पाकिस्तान ने फरवरी में बालाकोट हवाई हमले के बाद से अपने वायु क्षेत्र के अधिकांश हिस्से के इस्तेमाल पर रोक लगा दी थी। पाकिस्तान के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने वायुकर्मियों को नोटिस जारी किया है और कहा है कि पाकिस्तान का वायुक्षेत्र सभी प्रकार के नागरिक उड़ानों के लिए तत्काल प्रभाव से खोल दिया गया है।
-------
*जर्मनी के सुहल में अंतर्राष्ट्रीय निशानेबाजी खेलकूद परिसंघ जूनियर विश्व कप में महिलाओं की दस मीटर एयर राइफल स्पर्धा में कल भारत ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीता।
इलावेनिल वेलारिवन ने दो सौ इक्यावन दशमलव छह के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि मेहुली घोष ने दो सौ पचास दशमलव दो अंक के साथ रजत पदक लिया। भारत ने जूनियर विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए टीम सेक्शन में स्वर्ण पदक भी जीता।
पदक तालिका में भारत छह स्वर्ण, छह रजत और दो कांस्य पदक लेकर पहले स्थान पर है।
उधर, बैडमिंटन में पी.वी.सिंधु जकार्ता में आज से शुरु हो रहे इंदोनेशिया बैडमिंटन टूर्नामेंट में कल भारतीय अभियान की शुरुआत करेंगी। सिंधु का पहला मैच कल जापान की आया ओहोरी से होगा। किदाम्बी श्रीकांत, बी.साई प्रणीत और एच. एस. प्रणय सिंगल्स मुकाबलों में हिस्सा लेंगे। जबकि अश्विनी पोनप्पा, एन. सिक्की रेड्डी, सात्विक साइराज और चिराग शेट्टी डबल्स मुकाबलों में भाग लेंगे।
-------
*प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पार्टी सांसदों से अपने निर्वाचन क्षेत्रों में राजनीति पर ध्यान केन्द्रित करने की बजाय जनहित में काम करने को कहा। वे आज संसद भवन में पार्टी सांसदों को संबोधित कर रहे थे।
संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने सांसदों से कहा कि वे अधिकारियों के साथ मिलकर अपने निर्वाचन क्षेत्रों में जनता की शिकायतों को सुनें। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने सदन में मंत्रियों की अनुपस्थिति पर चिन्ता जताई। प्रहलाद जोशी ने बताया कि सांसदों को सरकार की नई योजनाओं की जानकारी अपने क्षेत्र के लोगों को देने को कहा गया है। बैठक के दौरान, प्रधान मंत्री मोदी ने यह भी कहा कि प्रत्येक सांसद को अपने क्षेत्र के लोगों के लिए नई योजना बनानी चाहिए।
--------------
*मुम्बई के डोंगरी इलाके में आज सवेरे एक चार मंजिला इमारत के ढहने से 40 से अधिक लोगों के दबे होने की आशंका है। बाबा लेन स्थित इस इमारत में 15 परिवार रह रहे थे।आपदा मोचन बल, अग्निशमन और पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई हैं तथा बचाव कार्य में जुट गई हैं।
एनडीआरएफ ने मलबे के नीचे से दो शव निकाले हैं। बृहन मुंबई नगर निगम नियंत्रण कक्ष ने बताया कि बचाये गए तीन घायलों को जे.जे. अस्पताल में भर्ती किया गया है। 20 एंबुलेंस घटनास्थल पर तैनात हैं और एनडीआरएफ की टीम बचाव अभियान कर रही है। मुंबई पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद है। मुंबई पुलिस को डर है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
--------------
*असम सरकार एक हजार किलोमीटर तक फैले राष्ट्रीय राजमार्गों पर पौधे लगाएगी।राज्य के वन और पर्यावरण मंत्री परिमल सुक्लाबैध ने बताया कि प्रदेश में हरियाली बढ़ाने के लिए ये कदम उठाया गया है।
हमारा असम सरकार ने तय किया कि एक हजार किलोमीटर हम लोग का नेशनल हाइवे के बगल में हम लोग का वो पेड़-पौधा लगाना है। तो इसलिए हम लोग नेशनल हाइवे को लिखा है। नेशनल हाइवे ने अभी तक 810 किलोमीटर हमको दिया है। कहां लगाना है एक-दो दिन के अंदर हम लोग फोन से बात करने वाला हूं। टेंडर हो जायेगा। वो एसओपीडी से एक हजार किलोमीटर लाने के लिए हम लोग कोशिश कर रहा हूं कि इसी साल में हम एक हजार किलोमीटर में हम लोग पेड़-पौधा लगायें। इसमें फल-फूल रहेगा, इसमें औषधि रहेगा।
-----------
*केन्द्रीय पंचायत राज मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने आज लोकसभा में एक सवाल के जवाब में बताया कि भारत नेट कार्यक्रम के अन्तर्गत ऑप्टिकल फाइबर से जुड़ी एक लाख 28 हजार से अधिक ग्राम पंचायतें अपने यहां किए गए कार्यक्रमों और लाभार्थियों को दी गई सहायता के सबूत के तौर पर छायाचित्र अपलोड कर रही हैं।
हर पंचायत में कनैक्टिविटी उपलब्ध हो, यह हमने सुनिश्चित करने की कोशिश की है। भारत नेट के द्वारा 2014 में 59 पंचायत जोड़ी थी। भारत ऑप्टिकल फाइबर से हर दृष्टि से पंचायतों को अपनी वेबसाइट बनाने की आजादी है और अगर पंचायतें हमारे पोर्टल पर जुड़ना चाहती हैं तो निश्चित रूप से हमने उनको सारी सर्विस प्रोवाइड कर रखी हैं।
नरेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि दो लाख 19 हजार ग्राम पंचायतों ने अपनी विकास परियोजनाएं और शुरू किए गए 16 हजार कार्यों का विवरण वेबसाइट पर डाला है ताकि पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
-----------
*लोकसभा में 2019-20 के लिए सड़क यातायात और राजमार्ग मंत्रालय की अनुदान मांगें मंजूर हो गई हैं। अपने जवाब में केन्द्रीय सड़क यातायात और राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी ने बताया कि देश के राजमार्गों की सुरक्षा के लिए एशियाई विकास बैंक--एडीबी ने सात हजार करोड़ रूपये की स्वीकृति दी है। वे आज लोकसभा में 2019-20 के लिए सड़क यातायात और राजमार्ग मंत्रालय की अनुदान मांगों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने बताया कि 786 दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान की गई है, और इनमें से तीन सौ स्थानों को दुरूस्त कर लिया गया है।
-----------
*केन्द्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू ने आज कहा कि भारत्तोलन में भारत के पास चीन और कोरिया का मुकाबला करने की पूरी क्षमता है। श्री रिजिजू ने कहा कि अगले तीन से पांच वर्षों में इस खेल में भारत की स्थिति और मजबूत हो जाएगी। उन्होंने खिलाडि़यों को सभी आवश्यक सहायता देने का आश्वासन दिया।
खेलमंत्री ने सामोआ में राष्ट्रमण्डल भारत्तोलन प्रतियोगिता में भाग लेने वाले भारतीय खिलाडि़यों से मुलाकात की। भारत ने इस प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया था। विजेताओं से बातचीत में श्री रिजिजू ने कहा कि भारत्तोलन में खिलाडि़यों का उज्जवल भविष्य है।
---------------
*अनुसुइया उइके को छत्तीसगढ़ का और बिस्व भूषन हरिचंदन को आंध्र प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने आज इन नियुक्तियों को मंजूरी दी। ये नियुक्तियां इनके कार्यभार संभालने की तिथि से प्रभावी होंगी।
-----
*संसद ने केंद्रीय विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2019 को पारित कर दिया है। राज्य सभा ने इसे पारित किया जबकि लोक सभा इसे पहले ही पास कर चुकी है। इसमें आध्र प्रदेश में एक केंद्रीय और एक केंद्रीय जनजाति विश्वविद्यालय सहित दो विश्वविद्यालय बनाए जाने की व्यवस्था है।
-----
*जर्मनी के सुहल में आई. एस. एस. एफ. जूनियर विश्व कप निशानेबाजी में भारत 16 पदक जीत कर शीर्ष स्थान बरकरार है। विजयवीर सिद्धू, राजकंवर सिंह संधू और आदर्श सिंह ने 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में सोने का पदक हासिल किया। इस प्रतियोगिता में यह विजयवीर का तीसरा, जबकि आदर्श का दूसरा स्वर्ण पदक है।
-----
*प्रतिष्ठित संगीत नाटक अकादमी फैलोशिप और पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। जाने-माने तबला वादक जाकिर हुसैन और नृत्यांगना सोनल मानसिंह का चयन फैलोशिप के लिए किया गया है।
समाचार पत्रों की सुर्खियों से-
*राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-(एन.आइ.ए) संशोधन विधेयक 2019 के लोकसभा से पारित होने की खबर सभी समाचार पत्रों में है। दैनिक ट्रिब्यून की सुर्खी है - एन आई ए को विदेश में भी जांच का अधिकार मिलेगा। हिन्दुस्तान के अनुसार गृहमंत्री बोले, कानून के दुरुपयोग की कोई मंशा नहीं। वीर अर्जुन लिखता है - आतंकवाद के खात्मे के लिए होगा एनआइए कानून का उपयोग।
*चंद्रयान-2 के प्रक्षेपण को स्थगित करने की खबर पर इकॉनोमिक टाइम्स का शीर्षक है - चंद्रयान-2 की राह में तकनीकी बाधा। अमर उजाला के अनुसार - संकल्प अडिग, नई तारीख जल्द।
*आज रात आंशिक चंद्रग्रहण होगा और इसे देश में भी देखा जा सकेगा, अधिकतर अखबारों ने यह खबर भी दी है।
*कर्नाटक में कांग्रेस-जनता दल सेक्यूलर गठबंधन सरकार के शक्ति परीक्षण पर स्पीकर के हवाले से वीर अर्जुन लिखता है - कर्नाटक में फ्लोर टैस्ट 18 को।
*देशबंधु ने हिमाचल प्रदेश में कुम्हार हट्टी के निकट चार मंजिला इमारत ढहने की घटना में असम रेजीमेंट के 13 जवानों की मौत की खबर दी है।
*एम्स में निशुल्क होगी प्लास्टिक सर्जरी को राजस्थान पत्रिका ने शीर्षक बनाया है। पत्र लिखता है - वर्ष के अंत तक शुरू होगा सेंटर, हाथ और फेस का ट्रांसप्लांट होगा संभव।